
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर शहर के अभिलाषा परिसर स्थित EWS बिल्डिंग में बुधवार को उस वक्त सनसनी फैल गई जब तीन मंजिला इमारत की छत से गिरने से एक युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसके साथ मौजूद युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। पूरा मामला सिरगिट्टी थाना क्षेत्र का है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जोरदार आवाज सुनकर लोग मौके पर पहुंचे तो युवक-युवती खून से लथपथ पड़े थे। सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। युवक चिरंजीव पांडेय को मृत घोषित कर दिया गया, वहीं गंभीर हालत में युवती को तत्काल सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

प्राथमिक जांच में सामने आया है कि दोनों के बीच प्रेम प्रसंग था। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि किसी कारणवश दोनों ने छत से कूदकर आत्महत्या करने की कोशिश की। हालांकि, अभी तक इस बात की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है और आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ-साथ अन्य पहलुओं को भी खंगाला जा रहा है।
