
कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले के पोंडी में शराब भट्ठी हटाने की मांग ने शुक्रवार को उग्र रूप ले लिया। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) कार्यकर्ताओं और स्कूली छात्रों ने रायपुर-जबलपुर नेशनल हाईवे-30 पर चक्काजाम कर प्रशासन के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। लंबे समय से भट्ठी को दूसरी जगह शिफ्ट करने की मांग की जा रही थी, लेकिन कार्रवाई नहीं होने से नाराज लोगों ने सड़क पर उतरकर विरोध तेज कर दिया।

प्रदर्शन का असर इतना बड़ा रहा कि प्रदेश के डिप्टी सीएम विजय शर्मा का काफिला भी जाम में फंस गया और आगे नहीं बढ़ सका। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को समझाने की कोशिश में जुटे रहे।

चक्काजाम के कारण NH-30 पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी लाइन लग गई। यात्री बसों समेत कई वाहन घंटों तक फंसे रहे, जिससे यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। प्रदर्शन कर रहे छात्रों और ABVP कार्यकर्ताओं का कहना है कि शराब भट्ठी के चलते क्षेत्र का माहौल खराब हो रहा है और इसका असर स्कूल-कॉलेज के छात्रों पर भी पड़ रहा है।
