Homeअपराधबिलासपुर में नकली खाद-कीटनाशक का बड़ा खेल बेनकाब, 14 हजार किलो-लीटर से...

बिलासपुर में नकली खाद-कीटनाशक का बड़ा खेल बेनकाब, 14 हजार किलो-लीटर से अधिक सामग्री जब्त…

बिलासपुर, 22 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर के सिरगिट्टी क्षेत्र में कृषि विभाग की जिला स्तरीय उड़नदस्ता टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नकली खाद और कीटनाशक के अवैध कारोबार का पर्दाफाश किया है। बन्नाक चौक स्थित एक किराये के गोदाम से 14 हजार किलो-लीटर से अधिक कीटनाशक, पौध संरक्षण दवाएं और जैव उत्प्रेरक खाद बरामद की गई हैं। प्रारंभिक जांच में इन उत्पादों के नकली होने की आशंका जताई गई है, जिसके चलते सभी नमूने परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेज दिए गए हैं।

जांच के दौरान पता चला कि गोदाम दो मंजिला भवन के प्रथम तल पर संचालित किया जा रहा था। भवन के भूतल पर पार्किंग और दूसरे तल पर होटल संचालित होने के बावजूद बड़ी मात्रा में रसायनों का भंडारण किया गया था, जिससे सुरक्षा को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

कृषि विभाग के अनुसार यह गोदाम राजकिशोर नगर निवासी मनीष सिंह ने किराये पर लिया था। यहां से 4,610 लीटर कीटनाशक एवं पौध संरक्षण दवाएं, 9,611 किलोग्राम जैव उत्प्रेरक खाद तथा 10 किलोग्राम क्षमता वाली बड़ी संख्या में खाली प्लास्टिक बाल्टियां भी मिली हैं। विभाग को आशंका है कि इन्हीं बाल्टियों में पैकिंग कर नकली खाद बाजार में बेची जा रही थी। जांच में यह भी सामने आया कि गोदाम में रखी सामग्री गुजरात के राजकोट स्थित ग्रीन वुड एग्रीकेम और रायपुर की तेज एग्रो सॉल्यूशन कंपनी के नाम से संबंधित है। हालांकि गोदाम संचालक के पास कृषि विभाग से बिक्री और भंडारण का कोई वैध लाइसेंस या अनुमति नहीं थी।

कृषि विभाग ने पूरे स्टॉक को जब्त कर तत्काल प्रभाव से उसकी बिक्री पर रोक लगा दी है। उप संचालक कृषि पी.डी. हथेश्वर ने बताया कि जिले में अवैध भंडारण, कालाबाजारी और नकली कृषि उत्पादों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। दोषियों के खिलाफ नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

कार्रवाई के दौरान सहायक संचालक कृषि अनिल शुक्ला, उर्वरक निरीक्षक आर.एस. गौतम सहित विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Posts