Homeअपराधभीषण सड़क हादसा: यात्रियों से भरी बस ट्रक से टकराई, 19 घायल,...

भीषण सड़क हादसा: यात्रियों से भरी बस ट्रक से टकराई, 19 घायल, 4 की हालत गंभीर…

बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में शुक्रवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। रायपुर से गिधौरी की ओर जा रही रायल ट्रेवल्स की यात्री बस ग्राम सकरी स्थित आईटीआई के पास सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।

हादसे की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस, 112 की टीम और एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में पहले से मौजूद चिकित्सकों की टीम ने बिना देरी किए उपचार शुरू कर दिया।

सिविल सर्जन डॉ. अशोक वर्मा ने बताया कि दुर्घटना में कुल 19 यात्री घायल हुए हैं। इनमें चार लोगों को गंभीर चोटें आई हैं और उनका इलाज जारी है। अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। अधिकांश यात्रियों के सिर और शरीर के विभिन्न हिस्सों में चोटें आई हैं, लेकिन सभी फिलहाल खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं।

घटना की जानकारी मिलते ही प्रदेश के राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने सिविल सर्जन से फोन पर चर्चा कर घायलों के बेहतर उपचार के निर्देश दिए। वहीं नवपदस्थ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक खोमन सिन्हा भी जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जानकर अधिकारियों से पूरी जानकारी ली।

कोतवाली थाना के एएसआई सुनील खुंटे ने बताया कि हादसा ग्राम सकरी स्थित आईटीआई के पास हुआ है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि ग्राम सकरी के इस मार्ग पर आए दिन सड़क दुर्घटनाएं होती रहती हैं। लगातार हो रहे हादसों को देखते हुए लोगों ने प्रशासन से इस क्षेत्र में प्रभावी यातायात व्यवस्था और सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने की मांग की है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Posts