Homeअन्य खबरेजल जीवन मिशन के ठेकेदारों का अनोखा प्रदर्शन, अर्धनग्न होकर सड़क पर...

जल जीवन मिशन के ठेकेदारों का अनोखा प्रदर्शन, अर्धनग्न होकर सड़क पर मांगी भीख; VIDEO वायरल…

रायपुर। छत्तीसगढ़ में जल जीवन मिशन के तहत काम करने वाले ठेकेदारों ने बकाया भुगतान को लेकर सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। राजधानी रायपुर में मंगलवार को प्रदेशभर से पहुंचे ठेकेदारों ने अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। आधे कपड़े पहनकर सड़क पर उतरे ठेकेदारों ने लोगों से भीख मांगकर अपना विरोध जताया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि काम पूरा करने के बावजूद उन्हें भुगतान के लिए भटकना पड़ रहा है।

5 हजार करोड़ रुपये का भुगतान अटका होने का दावा

ठेकेदारों का दावा है कि जल जीवन मिशन के तहत कराए गए कार्यों का करीब 5 हजार करोड़ रुपये बकाया है। उनका कहना है कि गांवों में पाइपलाइन बिछाने से लेकर घरों तक पानी पहुंचाने से जुड़े काम किए गए, लेकिन इसके बदले अब तक पूरी राशि नहीं मिली है। भुगतान में देरी के कारण ठेकेदारों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।

आश्वासन नहीं, अब भुगतान की मांग

प्रदर्शन कर रहे ठेकेदारों ने सरकार से लंबित बिलों का जल्द निराकरण करने और बकाया राशि जारी करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से भुगतान का इंतजार किया जा रहा है, लेकिन अब तक ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। ठेकेदारों ने सरकार से भुगतान की स्पष्ट समय-सीमा घोषित करने की मांग की है।

मांगें पूरी नहीं हुईं तो भाजपा कार्यालय का करेंगे घेराव

ठेकेदारों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द फैसला नहीं लिया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। अगले चरण में प्रदेशव्यापी आंदोलन कर भाजपा कार्यालय का घेराव करने की बात कही गई है।

अब देखना होगा कि जल जीवन मिशन के तहत काम करने वाले ठेकेदारों के बकाया भुगतान के दावे पर सरकार क्या कदम उठाती है और भुगतान की प्रक्रिया कब तक पूरी होती है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Posts