
धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में मोबाइल फोन देखने को लेकर शुरू हुआ विवाद हत्या तक पहुंच गया। घर में मोबाइल देख रहे छोटे भाई को टोकना बड़े भाई को इतना भारी गुस्सा दिला गया कि उसने लकड़ी के डंडे से उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। सिर पर गंभीर चोट लगने से छोटे भाई की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया। पुलिस ने आरोपी बड़े भाई को गिरफ्तार कर लिया है।

मोबाइल को लेकर शुरू हुआ विवाद
मामला खल्लारी थाना क्षेत्र के ग्राम फरसगांव का है। जानकारी के मुताबिक, कुंदन सोरी अपने घर में मोबाइल फोन देख रहा था। इसी दौरान उसके बड़े भाई कैलाश सोरी ने उसे टोका। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और गुस्से में आकर कैलाश ने लकड़ी के डंडे से कुंदन पर हमला कर दिया।

सिर पर वार से गई जान
आरोप है कि कैलाश ने अपने छोटे भाई पर कई वार किए और उसके सिर पर भी जोरदार प्रहार किया। हमले में गंभीर चोट लगने के कारण कुंदन की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर खल्लारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

आरोपी गिरफ्तार, पुलिस की जांच जारी
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में मर्ग कायम कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने हत्या के आरोपी कैलाश सोरी को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
