
बिलासपुर। नगर निगम की मेयर-इन-काउंसिल (MIC) बैठक में निगम के इंजीनियरों को लेकर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी अब विवाद का रूप ले चुकी है। सार्वजनिक मंच से इंजीनियरों के लिए अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल किए जाने पर अभियंता संघ ने कड़ी नाराजगी जताई है। संघ के पदाधिकारियों ने नगर निगम आयुक्त और कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर संबंधित MIC सदस्य के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की है।

अभियंता संघ का कहना है कि 24 जुलाई को आयोजित MIC बैठक के दौरान एक सदस्य ने निगम के सभी इंजीनियरों को लेकर ऐसी टिप्पणी की, जिससे पूरे अभियंता वर्ग की प्रतिष्ठा और सम्मान को ठेस पहुंची है। उनका आरोप है कि इस तरह की सार्वजनिक टिप्पणी से कर्मचारियों का मनोबल कमजोर होता है और कार्य संस्कृति पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।

इंजीनियर बोले- जिम्मेदारियां सिर्फ निर्माण कार्य तक सीमित नहीं
ज्ञापन में अभियंताओं ने बताया कि उनकी जिम्मेदारियां केवल निर्माण कार्यों की निगरानी तक सीमित नहीं हैं। वे सर्वेक्षण, प्राक्कलन तैयार करने, निविदा प्रक्रिया, गुणवत्ता नियंत्रण, सड़क और नाली निर्माण, जल निकासी व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट संचालन, अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई तथा आपदा राहत जैसे महत्वपूर्ण तकनीकी और प्रशासनिक कार्यों का भी निर्वहन करते हैं।

सम्मान बनाए रखने की मांग
अभियंता संघ ने प्रशासन से मांग की है कि सार्वजनिक मंचों पर अधिकारियों और कर्मचारियों के सम्मान को ठेस पहुंचाने वाली टिप्पणियों पर सख्त कार्रवाई की जाए। उनका कहना है कि इससे भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रुकेगी और अधिकारी-कर्मचारियों का मनोबल भी बना रहेगा। साथ ही उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों से भी शालीन और मर्यादित भाषा के प्रयोग की अपेक्षा जताई है।
