
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में ऑनलाइन दोस्ती के जरिए ब्लैकमेलिंग का एक गंभीर मामला सामने आया है। एक युवती ने खुद को लड़का बताकर दूसरी युवती से दोस्ती की और विश्वास में लेकर उसका अश्लील वीडियो हासिल कर लिया। इसके बाद वीडियो वायरल करने की धमकी देकर 10 लाख रुपए की मांग की। रकम नहीं मिलने पर आरोपी ने वीडियो पीड़िता के भाई के व्हाट्सएप पर भेज दिया। शिकायत मिलने के बाद तारबाहर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मध्य प्रदेश के कटनी से आरोपी युवती को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, तारबाहर क्षेत्र के रहने वाले एक युवक ने थाने में शिकायत दर्ज कराई कि उसकी बहन की लंबे समय से मोबाइल पर एक व्यक्ति से बातचीत होती थी, जिसने अपनी पहचान लड़के के रूप में बताई थी। बातचीत के दौरान दोनों के बीच विश्वास कायम हुआ, जिसका फायदा उठाकर आरोपी ने कथित तौर पर दबाव बनाकर पीड़िता से अश्लील वीडियो बनवाया और अपने पास मंगवा लिया।

इसके बाद आरोपी ने वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देते हुए 10 लाख रुपए की मांग शुरू कर दी। जब पीड़िता और उसके परिवार ने पैसे देने से इनकार किया, तो आरोपी ने वीडियो पीड़िता के भाई के व्हाट्सएप नंबर पर भेज दिया। वीडियो देखकर युवक ने तुरंत उसे डिलीट कर दिया, लेकिन साक्ष्य के रूप में स्क्रीनशॉट सुरक्षित रखकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत में यह भी बताया गया कि जिस समय वीडियो भेजा गया था, उस दौरान युवक का पुराना मोबाइल फोन गुम हो गया था। बाद में उसी नंबर की सिम नए मोबाइल में लगाने पर व्हाट्सएप के जरिए भेजे गए वीडियो की जानकारी सामने आई।

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी की पहचान मध्य प्रदेश के कटनी जिले के शास्त्री नगर निवासी स्नेहा मोगरिया के रूप में की। इसके बाद तारबाहर पुलिस की टीम ने कटनी पहुंचकर आरोपी युवती को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि इस तरह की वारदात में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल है या नहीं।
