
गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में लगातार हो रही बारिश के चलते नदी-नाले उफान पर हैं। इसी बीच फिंगेश्वर थाना क्षेत्र के सरगी नाला में तेज बहाव के बीच नाला पार करने की कोशिश कर रहे एक 55 वर्षीय ग्रामीण की बह जाने से मौत हो गई। घटना के करीब एक घंटे बाद उसका शव घटनास्थल से लगभग 5 किलोमीटर दूर बरामद किया गया।

जानकारी के मुताबिक, सहसपुर निवासी थनवार यादव (55) बुधवार सुबह अपने एक साथी के साथ धूर्मा गांव आए थे। वापसी के दौरान सरगी नाला का जलस्तर तेजी से बढ़ चुका था। मौके पर मौजूद लोगों और उनके साथी ने उन्हें तेज बहाव के कारण नाला पार नहीं करने की सलाह दी, लेकिन उन्होंने चेतावनी को नजरअंदाज कर नाला पार करने का प्रयास किया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैसे ही थनवार यादव नाले के बीच पहुंचे, तेज धारा ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया और देखते ही देखते वह पानी में बह गए। घटना के दौरान कुछ लोग वीडियो भी बना रहे थे, जबकि अन्य उन्हें बचाने की कोशिश करते रहे।
सूचना मिलने पर फिंगेश्वर थाना पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल तलाश शुरू की। करीब एक घंटे की खोजबीन के बाद उनका शव खूंटेरी गांव के पास, घटनास्थल से लगभग 5 किलोमीटर दूर मिला।
पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रशासन ने लगातार हो रही बारिश के बीच लोगों से उफनते नदी-नालों को पार न करने और सावधानी बरतने की अपील की है।
