
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की सबसे हाई सिक्योरिटी मानी जाने वाली बिलासपुर सेंट्रल जेल में बुधवार शाम एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई। डबल मर्डर के मामले में उम्रकैद की सजा काट रहा 46 वर्षीय कैदी राहुल उर्फ विकेश पिता अमर सिंह कंवर, निवासी बांबरिंदीह (चांपा) ने जेल परिसर में स्थापित गैसीफायर प्लांट की जलती भट्ठी में छलांग लगा दी। घटना में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना शाम करीब 4:15 बजे हुई। जेल परिसर में मौजूद लगभग 20 फीट गहरे गैसीफायर फायर चैंबर में कैदी ने अचानक छलांग लगा दी। यह भट्ठी लकड़ियों से गैस तैयार करने के लिए उपयोग की जाती है, जिससे जेल की रसोई में भोजन पकाया जाता है। घटना के समय भट्ठी पूरी तरह गर्म थी।

शव निकालना भी बना चुनौती
अधिकारियों के मुताबिक, भट्ठी का तापमान अत्यधिक होने के कारण शव को तत्काल बाहर नहीं निकाला जा सका। मशीन के ठंडी होने के बाद ही शव को बाहर निकालने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

2014 से काट रहा था उम्रकैद
मृतक विकेश उर्फ राहुल वर्ष 2014 से डबल मर्डर केस में उम्रकैद की सजा काट रहा था। शुरुआती जानकारी के अनुसार उसने आत्मघाती कदम उठाया है, हालांकि इसके पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।

सायरन बजाकर मचाया अलर्ट, जांच शुरू
घटना के बाद जेल प्रशासन ने तुरंत सायरन बजाकर आपात स्थिति घोषित की। सूचना मिलते ही कलेक्टर संजय अग्रवाल, एसएसपी रजनेश सिंह, पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और जेल कर्मचारियों से पूछताछ शुरू कर दी है।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
हाई सिक्योरिटी जेल के संवेदनशील हिस्से तक एक सजायाफ्ता कैदी का पहुंचना और गैसीफायर की भट्ठी में कूद जाना सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि घटना के समय कौन-कौन कर्मचारी ड्यूटी पर थे और कहीं सुरक्षा में कोई चूक तो नहीं हुई।
फिलहाल पुलिस और जेल प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटे हैं। घटना के कारणों का खुलासा जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
