
बिलासपुर। जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में हुए आतंकी हमले में छत्तीसगढ़ के दो श्रमिकों की मौत पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने इस घटना को आतंकवाद की कायराना और अमानवीय हरकत बताते हुए कहा कि निर्दोष श्रमिकों का बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा और आतंकवाद के खिलाफ देश पूरी मजबूती से लड़ाई लड़ रहा है।

डिप्टी सीएम अरुण साव ने दिवंगत श्रमिक दीपक रात्रे और भूपेंद्र भैना को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि दोनों श्रमिक अपने परिवार के बेहतर भविष्य के लिए जम्मू-कश्मीर में मजदूरी करने गए थे, लेकिन आतंकियों ने उन्हें निशाना बनाकर पूरे प्रदेश को दुख पहुंचाया है।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार इस कठिन समय में पीड़ित परिवारों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है। राज्य सरकार जम्मू-कश्मीर प्रशासन के लगातार संपर्क में है और पार्थिव शरीरों को जल्द से जल्द उनके गृहग्राम तक पहुंचाने की व्यवस्था की जा रही है। साथ ही प्रभावित परिवारों को हरसंभव आर्थिक और प्रशासनिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
अरुण साव ने कहा कि यदि हमले में कोई श्रमिक घायल हुआ है तो उसके बेहतर उपचार की भी व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि सुरक्षा बल इस कायराना आतंकी हमले के दोषियों को जल्द कानून के कठघरे तक पहुंचाएंगे। साथ ही प्रदेशवासियों से शांति बनाए रखने और आतंकवाद के खिलाफ देश की लड़ाई में एकजुट रहने की अपील की।
