
कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में बुधवार को भालू के हमलों ने दहशत फैला दी। नरहरपुर वन परिक्षेत्र के लारगांव मरकाटोला और गवरसिल्ली गांव में हुई दो अलग-अलग घटनाओं में भाई-बहन समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है।

जानकारी के अनुसार, लारगांव मरकाटोला गांव में खेत में काम कर रहे ग्रामीणों पर अचानक एक आक्रामक भालू ने हमला कर दिया। हमले में भाई-बहन हलाल जुर्री (45) और खोरीन बाई (40) की मौके पर ही मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों की मौत के बाद भी भालू उनके शवों को नोचता रहा। इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है। इसी हमले में तीन अन्य ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

वहीं, दूसरी घटना गवरसिल्ली गांव में हुई, जहां खेत में काम कर रही चमरीन जुर्री पर भालू ने हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिला ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि शावक की मौत के बाद मादा भालू काफी आक्रामक हो गई है और लगातार गांव के आसपास घूम रही है।
नीचे लिंक पर देखें वीडियो –
https://www.instagram.com/reel/DbqBHKsP2RS/?igsh=MThxMjN1NWFjNzdldQ==
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। निगरानी के दौरान भालू ने वन विभाग की गाड़ी पर भी हमला कर दिया, जिससे रेस्क्यू टीम को अतिरिक्त सतर्कता बरतनी पड़ी। फिलहाल भालू गांव के आसपास ही मौजूद है, जिसके चलते पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

घटना की जानकारी मिलते ही कांकेर विधायक आशाराम नेताम भी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने वन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए नाराजगी जताई। ग्रामीणों का कहना है कि वन्यजीवों की गतिविधियों पर समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं होने के कारण इतनी बड़ी घटना हुई।

वन विभाग ने लोगों से जंगल और खेतों में अकेले न जाने तथा सतर्क रहने की अपील की है। क्षेत्र में लगातार निगरानी की जा रही है और प्रशासन ने घायलों के समुचित इलाज के साथ सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी है। पूरे नरहरपुर वन परिक्षेत्र में भय और तनाव का माहौल बना हुआ है।
