
पेंड्रा। छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा मरवाही क्षेत्र के भदौरा गांव में शराब के नशे में जहरीले सांप के साथ खिलवाड़ करना एक युवक को भारी पड़ गया। पड़ोसी के घर में घुसे जहरीले सांप को पकड़कर युवक उसे गले में लपेटकर गांव में घूमता रहा। इस दौरान सांप ने उसे कई बार डस लिया, जिसके बाद उसकी हालत बिगड़ने लगी।

बताया जा रहा है कि संतराम भैना नामक युवक सांप को पकड़कर अपने गले में लपेटे हुए था। ग्रामीणों के मुताबिक, सांप के काटने के बाद युवक पर जहर का असर दिखने लगा। परिजन और ग्रामीण उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन इलाज शुरू होने से पहले ही वह अस्पताल से निकल गया।

इसके बाद से परिजन संतराम की तलाश कर रहे हैं और उसकी हालत को लेकर चिंतित हैं। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें युवक जहरीले सांप को गले में लपेटकर घूमता दिखाई दे रहा है।
विशेषज्ञों ने लोगों से अपील की है कि सांप के काटने पर किसी तरह का जोखिम न लें और तुरंत अस्पताल पहुंचकर चिकित्सकीय उपचार कराएं। इलाज में देरी या झाड़-फूंक पर निर्भर रहना जानलेवा साबित हो सकता है।
