Homeअन्य खबरेSECL के 42वें स्थापना दिवस का शानदार आगाज, 170 से ज्यादा अधिकारी-कर्मचारी...

SECL के 42वें स्थापना दिवस का शानदार आगाज, 170 से ज्यादा अधिकारी-कर्मचारी सम्मानित, CMD बोले- टीम में हर लक्ष्य हासिल करने का दम…

बिलासपुर। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL) के 42वें स्थापना दिवस समारोह का मंगलवार को बिलासपुर स्थित कंपनी मुख्यालय में भव्य शुभारंभ हुआ। दो दिवसीय समारोह के पहले दिन कंपनी के उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों, खदानों, क्षेत्रों और विभागों को 170 से अधिक पुरस्कारों से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में प्रेरक वक्ता आनंद मुंशी ने कर्मचारियों को नवाचार और लगातार बेहतर प्रदर्शन करने का संदेश दिया।

समारोह में मुख्य अतिथि SECL के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (CMD) हरीश दुहन ने कहा कि देश की ऊर्जा सुरक्षा में कोयला कर्मियों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। जिस तरह सैनिक सीमा पर देश की रक्षा करता है, उसी तरह कोयला कर्मचारी बिजली उत्पादन के लिए जरूरी कोयले की आपूर्ति सुनिश्चित कर राष्ट्रीय दायित्व निभाते हैं। उन्होंने कहा कि टीम SECL में हर लक्ष्य हासिल करने की क्षमता है। यदि सभी कर्मचारी अपने काम में थोड़ा अतिरिक्त प्रयास करें, तो कंपनी निर्धारित उत्पादन लक्ष्य को आसानी से प्राप्त कर सकती है। इस दौरान उन्होंने पुरस्कार पाने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई भी दी।

आनंद मुंशी ने दिया सफलता का मंत्र

कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण प्रख्यात प्रेरक वक्ता आनंद मुंशी का मोटिवेशनल सेशन रहा। उन्होंने दौड़ का उदाहरण देते हुए कहा कि किसी काम की शुरुआत करना आसान है, लेकिन उसे मंजिल तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास और मजबूत इच्छाशक्ति जरूरी है। उन्होंने कर्मचारियों से रोजमर्रा के काम में नए प्रयोग करने और कामकाज को बेहतर बनाने के लिए नवाचार अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की छोटी-छोटी पहल भी पूरे संगठन की प्रगति में बड़ी भूमिका निभा सकती है।

इन खदानों ने मारी बाजी, क्षेत्रीय प्रदर्शन में रायगढ़ अव्वल

स्थापना दिवस समारोह के दौरान विभिन्न श्रेणियों में 170 से अधिक पुरस्कार प्रदान किए गए। इनमें विशेष अभियान-6, नारी शक्ति, नवाचार, खेलकूद, युवा उपलब्धि, सर्वश्रेष्ठ विभाग और उत्कृष्ट संविदा कर्मी जैसी श्रेणियां शामिल रहीं। खदानों के प्रदर्शन में भूमिगत खदान श्रेणी में सोहागपुर क्षेत्र की शारदा खदान ने पहला स्थान हासिल किया। बैकुंठपुर की पांडवपारा खदान दूसरे और सोहागपुर की खैरहा तथा जोहिला क्षेत्र की विंध्या खदान संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रहीं। वहीं खुली खदान श्रेणी में भटगांव क्षेत्र की जगन्नाथपुर खदान पहले, रायगढ़ क्षेत्र की बरौद खदान दूसरे और सोहागपुर क्षेत्र की अमलाई खदान तीसरे स्थान पर रही। क्षेत्रीय प्रदर्शन में रायगढ़ क्षेत्र ने पहला, भटगांव ने दूसरा और बैकुंठपुर ने तीसरा स्थान हासिल किया। सर्वाधिक वृद्धि के लिए मेगा खुली खदान श्रेणी में कुसमुण्डा और भूमिगत खदान श्रेणी में हल्दीबाड़ी को सम्मानित किया गया।

25 नवंबर को मुख्य समारोह, पलाश सेन के बैंड ‘यूफोरिया’ की होगी प्रस्तुति

SECL के 42वें स्थापना दिवस का मुख्य समारोह बुधवार, 25 नवंबर को कंपनी मुख्यालय में आयोजित किया जाएगा। इसमें कंपनी के 15 से अधिक पूर्व CMD और निदेशक शामिल होंगे।वहीं शाम को वसंत विहार मैदान में सांस्कृतिक संध्या का आयोजन होगा। इसमें मशहूर पॉप गायक डॉ. पलाश सेन अपने लोकप्रिय बैंड ‘यूफोरिया’ के साथ लाइव प्रस्तुति देंगे। स्थापना दिवस के दूसरे दिन होने वाले इस कार्यक्रम को लेकर भी खास उत्साह है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Posts