
अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में 50 लाख रुपये से अधिक के कथित माल घोटाले को लेकर व्यापारियों का आक्रोश अब खुलकर सामने आ गया है। मामले में एफआईआर दर्ज होने के करीब एक महीने बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से नाराज व्यापारियों ने सोमवार को अग्रसेन भवन में मंत्री राजेश अग्रवाल के सामने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। व्यापारियों की नाराजगी देखकर मंत्री ने मौके से ही कोतवाली थाना प्रभारी अखिलेश सिंह को फोन कर जल्द कार्रवाई के निर्देश दिए। इस दौरान मंत्री और टीआई के बीच हुई बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

‘व्यापारियों ने मुझे बंधक बना लिया है’, मंत्री ने टीआई से कहा
व्यापारियों की शिकायतें सुनने के बाद मंत्री राजेश अग्रवाल ने थाना प्रभारी को फोन लगाया। बातचीत के दौरान उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा कि व्यापारियों ने उन्हें बंधक बना लिया है और अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं होने से लोग परेशान हैं। उन्होंने टीआई से कहा कि अगर आरोपियों को नहीं पकड़ पा रहे हैं तो उन्हें छुड़ाने के लिए पुलिस भेज दीजिए। साथ ही दो से तीन दिन के भीतर कार्रवाई कर जानकारी देने को कहा। जवाब में थाना प्रभारी अखिलेश सिंह ने कार्रवाई के लिए दो दिन का समय मांगा। इस बातचीत के सामने आने के बाद मामला चर्चा में है।

पुलिस पर ‘खर्चा-पानी’ लेने के भी आरोप
व्यापारियों ने मंत्री के सामने पुलिस की कार्यशैली को लेकर कई गंभीर आरोप लगाए। कुछ व्यापारियों का दावा था कि उन्होंने थाना प्रभारी को खर्चा-पानी के नाम पर पैसे भी दिए, लेकिन इसके बावजूद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। व्यापारियों ने मामले में जल्द कार्रवाई और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।

फर्जी सील और रसीदों से निकाला जा रहा था सामान
पूरा मामला अंबिकापुर के खरसिया नाका स्थित अग्रवाल ट्रेडिंग कंपनी का है। कंपनी संचालक कान्हा अग्रवाल की शिकायत के मुताबिक, कंपनी में करीब छह साल से काम कर रही बिलिंग ऑपरेटर अंजुम निशा और पूर्व कर्मचारी रविंद्र यादव उर्फ विक्की पर फर्जी सील और नकदी रसीदों के जरिए सामान बाहर निकालने का आरोप है। आरोप है कि पिछले चार महीनों से कंपनी के सामान को पिकअप समेत अन्य मालवाहक वाहनों के जरिए गंगापुर स्थित एक गोदाम तक पहुंचाया जा रहा था। वहां से सामान अलग-अलग दुकानों में सप्लाई किया जा रहा था।
कर्मचारी के खुलासे से सामने आया पूरा मामला
21 अक्टूबर को कंपनी के कर्मचारी सचिन टोप्पो ने संचालक को फर्जी नकदी रसीदों के जरिए सामान निकाले जाने की जानकारी दी थी। इसके बाद रसीदों और हिसाब-किताब की जांच की गई, जिसमें 50 लाख रुपये से अधिक के सामान की कथित हेराफेरी का खुलासा हुआ। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अंजुम निशा, रविंद्र यादव और रूपेश यादव के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 316(4) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया था।
अब एफआईआर दर्ज होने के करीब एक महीने बाद भी गिरफ्तारी नहीं होने से व्यापारियों में नाराजगी है। ऐसे में मंत्री के हस्तक्षेप और थाना प्रभारी की दो दिन की मोहलत के बाद अब सबकी नजर पुलिस की अगली कार्रवाई पर टिकी है।
