
रायपुर। छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ आदिवासी नेता और पूर्व सांसद नंदकुमार साय चोटिल हो गए हैं। दो दिन पहले फिसलकर गिरने से उनके पैर में चोट आई थी, जिसके चलते उन्हें चलने-फिरने में परेशानी हो रही थी। इसकी जानकारी मिलने पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने संवेदनशीलता दिखाते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए हेलीकॉप्टर से रायपुर पहुंचाया।

दरअसल, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय जशपुर प्रवास पर थे। इसी दौरान वे पूर्व सांसद नंदकुमार साय के निवास पहुंचे और उनसे मुलाकात कर स्वास्थ्य का हाल जाना। बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री को पता चला कि पैर में चोट के कारण उन्हें काफी परेशानी हो रही है।

इसके बाद मुख्यमंत्री ने रायपुर लौटते समय नंदकुमार साय को भी अपने साथ हेलीकॉप्टर में लाने का निर्णय लिया, ताकि उन्हें सड़क मार्ग से लंबा सफर न करना पड़े।

रायपुर पहुंचने के बाद नंदकुमार साय को बेहतर उपचार के लिए बालाजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मुख्यमंत्री ने उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की है। वहीं, उनके अस्पताल में भर्ती होने की जानकारी सामने आने के बाद समर्थक और शुभचिंतक उनके स्वास्थ्य को लेकर चिंतित हैं।
