
कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर में डेढ़ लाख रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार की गई GST सहायक आयुक्त आंचला गिरी पर राज्य सरकार ने बड़ी कार्रवाई की है। ACB की गिरफ्तारी के महज 24 घंटे के भीतर सरकार ने उन्हें निलंबित कर दिया है। इस मामले में रिश्वत की रकम पहुंचाने वाले कथित मध्यस्थ CA इमरान मेमन को भी ACB ने गिरफ्तार किया है।

जानिए क्या है पूरा मामला?
मामला कांकेर में वाहन को ई-वे बिल के संबंध में रोके जाने से जुड़ा है। जानकारी के मुताबिक, कांकेर निवासी शोएब रंगरेज ने ACB जगदलपुर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि सहायक आयुक्त स्टेट GST आंचला गिरी ने वाहन छोड़ने के बदले 2 लाख रुपये की मांग की थी।आरोप के मुताबिक, अधिकारी ने डेढ़ लाख रुपये घर पर देने और बाकी 50 हजार रुपये पेनाल्टी के रूप में जमा कराने की बात कही थी। शिकायतकर्ता रिश्वत देने के बजाय अधिकारी को रंगे हाथ पकड़वाना चाहता था। इसके बाद ACB ने शिकायत का सत्यापन कराया। आरोपों की पुष्टि होने पर 21 नवंबर को अधिकारी के घर ट्रैप की योजना बनाई गई।

रेड की भनक लगते ही नाली में फेंके नोट
ACB की टीम जब कार्रवाई के लिए पहुंची तो कथित तौर पर इसकी भनक लगते ही अधिकारी के घर मौजूद CA इमरान मेमन ने रिश्वत की रकम नाली में फेंक दी। हालांकि, ACB की टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए GST सहायक आयुक्त आंचला गिरी और CA इमरान मेमन को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी के बाद सरकार का एक्शन
मामले में ACB की कार्रवाई के बाद राज्य सरकार ने भी तेजी दिखाई। गिरफ्तारी के 24 घंटे के भीतर आंचला गिरी को निलंबित कर दिया गया। रिश्वतखोरी के इस मामले में अब विभागीय कार्रवाई भी शुरू हो गई है।
