Homeअन्य खबरेफायरिंग का केस, लेकिन न गोली का पता न बंदूक का! कोर्ट...

फायरिंग का केस, लेकिन न गोली का पता न बंदूक का! कोर्ट में नहीं टिके पुलिस के सबूत, आरक्षक बरी…

जिस एयरगन से फायरिंग का था आरोप, वही कोर्ट में पेश नहीं हुई; हत्या केस में आरक्षक बरी
जिस एयरगन से फायरिंग का था आरोप, वही कोर्ट में पेश नहीं हुई; हत्या केस में आरक्षक बरी

बिलासपुर। होली के हुड़दंग के दौरान युवक पर एयरगन से गोली चलाकर हत्या की कोशिश करने के मामले में सीआरपीएफ के आरक्षक को अदालत से बड़ी राहत मिली है। द्वितीय अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश ममता पटेल की अदालत ने आरोपी पुलकेश नापित को हत्या के प्रयास समेत अन्य आरोपों से दोषमुक्त कर दिया है। कोर्ट ने माना कि अभियोजन पक्ष आरोपों को संदेह से परे साबित करने में नाकाम रहा।

मामला 25 मार्च 2024 का है। अभियोजन के मुताबिक, मल्हार में पीयूष ठाकुर अपने दोस्तों के साथ देव हेल्थ केयर के पास खाली मैदान में नगाड़ा बजाकर होली मना रहा था। इसी दौरान सीआरपीएफ आरक्षक पुलकेश नापित ने शोर-शराबा करने से मना किया। आरोप था कि विवाद बढ़ने पर उसने गाली-गलौज करते हुए अपनी पावर एयर राइफल से पीयूष पर फायरिंग कर दी। दूसरी गोली सीने पर लगने का दावा भी किया गया था।

कोर्ट में कमजोर पड़ गए पुलिस के सबूत

मामले की सुनवाई के दौरान अदालत ने जांच में कई अहम कमियां पाईं। पुलिस घटनास्थल या घायल के पास से कोई गोली अथवा छर्रा जब्त नहीं कर सकी। इतना ही नहीं, जिस एयरगन से फायरिंग करने का आरोप था, उसे बैलिस्टिक जांच के लिए भी नहीं भेजा गया और न ही अदालत में पेश किया गया। विवेचक ने यह तर्क दिया था कि एयरगन में बारूद का इस्तेमाल नहीं होता, इसलिए उसे बैलिस्टिक जांच के लिए नहीं भेजा गया। हालांकि, अदालत ने इसे पर्याप्त आधार नहीं माना। कोर्ट के अनुसार, यह जांच जरूरी थी कि कथित एयरगन और उससे संबंधित छर्रे फायर करने की स्थिति में थे या नहीं।

मेडिकल रिपोर्ट ने भी नहीं की गोली लगने की पुष्टि

अदालत ने मेडिकल रिपोर्ट को भी महत्वपूर्ण माना। डॉक्टर की जांच में पीयूष के सीने पर सिर्फ मामूली खरोंच दर्ज थी। रिपोर्ट में चोट एयरगन से लगने की स्पष्ट पुष्टि नहीं थी। इसके अलावा खून बहने का उल्लेख नहीं था और पुलिस ने घायल के खून से सने कपड़े भी जब्त नहीं किए थे। गवाहों ने घायल के सीने से गोली निकालने की बात कही थी, लेकिन पुलिस कोई छर्रा बरामद नहीं कर सकी। अदालत ने यह भी पाया कि आरोपी और घायल पक्ष के बीच पुरानी रंजिश का कोई प्रमाण सामने नहीं आया।

38 दिन जेल में रहा आरोपी

सभी परिस्थितियों और साक्ष्यों का परीक्षण करने के बाद अदालत ने माना कि आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास का आरोप साबित नहीं हुआ। इसके बाद पुलकेश नापित को भारतीय दंड संहिता की धारा 294 और 307 के तहत लगे आरोपों से बरी कर दिया गया।

आरोपी इस मामले में 25 मार्च से 2 मई 2024 तक कुल 38 दिन न्यायिक अभिरक्षा में रहा था। अदालत ने अपील की अवधि समाप्त होने के बाद उचित पहचान के उपरांत जब्त एयरगन नियमानुसार लौटाने का निर्देश भी दिया है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Posts