Homeअपराधसहकारी बैंक में लाखों का फर्जीवाड़ा! चेक में काट-छांट कर निकाली रकम,...

सहकारी बैंक में लाखों का फर्जीवाड़ा! चेक में काट-छांट कर निकाली रकम, कैशियर-लेखापाल समेत 3 गिरफ्तार

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के बिल्हा स्थित जिला सहकारी केंद्रीय बैंक और सेवा सहकारी समिति से जुड़ा 3 लाख 38 हजार रुपये का फर्जीवाड़ा सामने आया है। मामले में पुलिस ने बैंक के कर्मचारियों और सेवा सहकारी समिति के प्राधिकृत अधिकारी को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि चेक में ओवरराइटिंग और कूटरचना कर स्वीकृत राशि से अधिक रकम निकाली गई। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पुलिस के मुताबिक, सेवा सहकारी समिति मर्यादित गुमा क्रमांक-63 में अलग-अलग कार्यवाही प्रस्तावों के जरिए तीन चेक जारी किए गए थे। इनमें पहला चेक 51,900 रुपये, दूसरा 1,82,080 रुपये और तीसरा 80,150 रुपये का था। आरोप है कि इन चेकों पर हस्ताक्षर होने के बाद अंकों में हेरफेर कर रकम बढ़ा दी गई।

ऐसे किया गया 3.38 लाख रुपये का फर्जीवाड़ा

जांच में सामने आया कि 51,900 रुपये के चेक को 89,900 रुपये, 1,82,080 रुपये के चेक को 2,82,080 रुपये और 80,150 रुपये के चेक को 2,80,150 रुपये कर दिया गया। इस तरह स्वीकृत राशि से अतिरिक्त कुल 3 लाख 38 हजार रुपये का आहरण किया गया।

बैंक कर्मचारियों की भूमिका भी आई सामने

मामले में शिकायतकर्ता राजकुमार बरगाह ने 26 सितंबर 2026 को बिल्हा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस जांच में आरोप है कि जिला सहकारी केंद्रीय बैंक शाखा बिल्हा के लेखापाल ऋषिकेश पाण्डेय ने कथित रूप से काट-छांट किए गए चेक को पास करने के लिए हस्ताक्षर किए। वहीं कैशियर संजय सिंह बघेल ने चेक को निरस्त करने के बजाय उसके आधार पर नकद राशि निकालकर दे दी।

पुलिस के अनुसार, समिति के प्रस्ताव रजिस्टर में भी छेड़छाड़ किए जाने की बात सामने आई है। जांच में शिकायतकर्ता राजकुमार बरगाह की भूमिका भी संदिग्ध पाई गई। पुलिस का आरोप है कि प्रस्ताव रजिस्टर में हुई काट-छांट की जांच नहीं की गई और बाद में बैंक कर्मचारियों पर जिम्मेदारी डालते हुए शिकायत दर्ज कराई गई।

पहले दो अधिकारियों को मिली थी अग्रिम जमानत

इस मामले में जिला सहकारी केंद्रीय बैंक शाखा बिल्हा के सुपरवाइजर हितेश सलूजा और शाखा प्रबंधक लक्ष्मण कौशिक को भी आरोपी बनाया गया था। दोनों को हाईकोर्ट से अग्रिम जमानत मिलने के बाद 21 अक्टूबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय के आदेशानुसार जमानत पर रिहा किया गया था।

इन तीन आरोपियों की हुई गिरफ्तारी

बिल्हा पुलिस ने 21 नवंबर 2026 को पर्याप्त साक्ष्य मिलने के आधार पर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।

1. ऋषिकेश पाण्डेय (46 वर्ष), बैंक कर्मचारी।

2. संजय सिंह बघेल (39 वर्ष), बैंक कर्मचारी।

3. राजकुमार बरगाह (48 वर्ष), सेवा सहकारी समिति गुमा के प्राधिकृत अधिकारी एवं सह-अध्यक्ष।

तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Posts