
बिलासपुर। बिलासपुर में अरपा नदी पर स्थित रामसेतु के सौंदर्याकरण की महत्वाकांक्षी योजना फिलहाल ठंडे बस्ते में चली गई है। अयोध्या की तर्ज पर पुल को धार्मिक और पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के लिए शासन से मंजूर 2 करोड़ 63 लाख 13 हजार रुपए अब लखीराम ऑडिटोरियम और कंपनी गार्डन के सौंदर्याकरण पर खर्च करने की तैयारी है। महापौर पूजा विधानी ने रामसेतु प्रोजेक्ट बंद करने और स्वीकृत राशि का उपयोग दूसरे कार्यों में करने की पुष्टि की है। नगर निगम के इस फैसले ने शहर की राजनीति में नया विवाद खड़ा कर दिया है। कांग्रेस ने भाजपा और नगर निगम प्रशासन पर भगवान श्रीराम के नाम पर स्वीकृत राशि का उद्देश्य बदलने का आरोप लगाते हुए मोर्चा खोल दिया है। पार्टी ने सवाल उठाया है कि जब योजना की डीपीआर तैयार हो चुकी थी और टेंडर तक जारी हो गया था, तो आखिर प्रोजेक्ट बंद करने की जरूरत क्यों पड़ी?

कांग्रेस ने पूछे पांच सवाल, आंदोलन की चेतावनी
शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुधांशु मिश्रा ने पत्रकार वार्ता कर नगर निगम प्रशासन के सामने पांच सवाल रखे। कांग्रेस का कहना है कि 15 जनवरी 2025 को रामसेतु के सौंदर्याकरण के लिए शासन ने राशि स्वीकृत की थी। इसके बाद डीपीआर तैयार हुआ, एमआईसी से प्रस्ताव पारित हुआ और टेंडर प्रक्रिया भी शुरू हुई। ऐसे में परियोजना को अचानक बंद करने का फैसला किस आधार पर लिया गया? कांग्रेस ने यह भी पूछा कि क्या स्वीकृत राशि का मद बदलने से पहले शासन से अनुमति ली गई है? डीपीआर और टेंडर की प्रक्रिया पर अब तक कितना खर्च हो चुका है और क्या मूल योजना को दोबारा शुरू करने पर विचार किया जाएगा?

‘राम के नाम पर वोट लिया, अब उसी की राशि दूसरी जगह लगा रहे’
कांग्रेस शहर अध्यक्ष सुधांशु मिश्रा ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा भगवान श्रीराम के नाम पर वोट लेकर सत्ता में आई, लेकिन अब रामसेतु के सौंदर्याकरण के लिए स्वीकृत राशि को दूसरे कामों में लगाने की तैयारी की जा रही है। उन्होंने इसे जनता की भावनाओं के साथ खिलवाड़ बताया।मिश्रा ने कहा कि रामसेतु का नामकरण कांग्रेस के कार्यकाल में हुआ था और इसके विकास के लिए राशि भी इसी उद्देश्य से स्वीकृत की गई थी। ऐसे में राशि का मद बदलने का अधिकार किसे है? उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के अंदरूनी विवाद और एमआईसी सदस्यों की खींचतान का नुकसान शहर को उठाना पड़ रहा है।

पूर्व विधायक बोले- विधायक को खुश करने ऑडिटोरियम संवारने की तैयारी
पूर्व विधायक शैलेष पांडेय ने भी नगर निगम के फैसले पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि महापौर पूजा विधानी अपने विधायक को खुश करने के लिए रामसेतु के नाम पर स्वीकृत राशि लखीराम ऑडिटोरियम में खर्च करने की बात कह रही हैं। पांडेय ने कहा कि जिस उद्देश्य से शासन ने राशि स्वीकृत की है, उसका उपयोग उसी काम में होना चाहिए। रामसेतु की राशि दूसरी जगह खर्च करना उचित नहीं है। कांग्रेस इस फैसले के खिलाफ आंदोलन करेगी।
पूर्व महापौर ने बताया पुल का इतिहास
पूर्व महापौर रामशरण यादव ने कहा कि उनके कार्यकाल में अंग्रेजों के जमाने के पुराने पुल का नामकरण रामसेतु किया गया था। नगर निगम में इसके लिए सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित हुआ था। उन्होंने मांग की कि रामसेतु के सौंदर्याकरण के लिए स्वीकृत राशि उसी परियोजना पर खर्च की जाए। कांग्रेस नेताओं ने पुल को शहर की पहचान बनाने की मांग करते हुए इसे आकर्षक और आधुनिक स्वरूप देने की बात कही। उन्होंने पुल को कांच के सेतु की तर्ज पर विकसित करने का सुझाव भी रखा।
क्या था 2.63 करोड़ का रामसेतु प्रोजेक्ट?
राज्य शासन ने 15 जनवरी 2025 को रामसेतु के सौंदर्याकरण के लिए 2 करोड़ 63 लाख 13 हजार रुपए मंजूर किए थे। पिल्लेवार एसोसिएट ने इसकी डीपीआर तैयार की थी। योजना के तहत अरपा नदी पर स्थित इस पुल को अयोध्या की तर्ज पर धार्मिक और पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की तैयारी थी। प्रोजेक्ट में पुल के दोनों ओर भव्य प्रवेश द्वार, आकर्षक लाइटिंग, पाइपलाइन को एमएस स्ट्रक्चर से कवर करने, लेजर लाइटिंग और धार्मिक प्रतिमाएं स्थापित करने जैसे काम शामिल थे। इसके अलावा दीवारों पर रामायण और हनुमान चालीसा की चौपाइयां लिखी जानी थीं। पुल के नीचे फसाड लाइटिंग लगाने की भी योजना थी, जिससे रात में अरपा नदी में रोशनी का आकर्षक प्रतिबिंब दिखाई देता।
अब ऑडिटोरियम की कुर्सियां और गार्डन के झूले बदलेंगे
रामसेतु परियोजना बंद होने के बाद नगर निगम अब स्वीकृत राशि से लखीराम ऑडिटोरियम और कंपनी गार्डन को संवारने की तैयारी में है। महापौर पूजा विधानी के मुताबिक, ऑडिटोरियम की टूटी कुर्सियां बदलने, नए सोफे लगाने, पुराने कारपेट को बदलने और खराब लाइटों की जगह नई लाइटें लगाने का काम प्रस्तावित है। वहीं कंपनी गार्डन में टूटे झूले और खराब उपकरण बदले जाएंगे। ओपन एयर जिम के खराब उपकरणों को भी नया लगाया जाएगा। इन कार्यों के लिए नए सिरे से टेंडर जारी करने की तैयारी है।
अब इन सवालों पर टिकी शहर की नजर
रामसेतु प्रोजेक्ट बंद होने के बाद सबसे बड़ा सवाल यही है कि शासन से जिस उद्देश्य के लिए 2.63 करोड़ रुपए मंजूर हुए थे, क्या उस राशि का इस्तेमाल दूसरे कार्यों में किया जा सकता है? क्या इसके लिए शासन की अनुमति ली गई है? और डीपीआर व टेंडर की प्रक्रिया पूरी होने के बाद परियोजना को बंद करने का फैसला क्यों लिया गया?
फिलहाल कांग्रेस ने मूल परियोजना बहाल करने की मांग की है। पार्टी ने चेतावनी दी है कि यदि फैसला वापस नहीं लिया गया तो चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा। अब देखना होगा कि नगर निगम प्रशासन इस राजनीतिक विरोध और उठाए गए सवालों पर क्या जवाब देता है।
