
अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में एक निजी स्कूल के हॉस्टल की व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। अंबिकापुर के सरगवां स्थित बिरला ओपन माइंड्स स्कूल के हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रहे कक्षा 9वीं के एक छात्र के गंभीर रूप से घायल होने का मामला सामने आया है। आरोप है कि हॉस्टल में रहने को लेकर तनाव के बीच छात्र ने दूसरी मंजिल से छलांग लगा दी। गंभीर हालत में उसे पहले अस्पताल में भर्ती कराया गया, बाद में बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर किया गया।

दो दिन पहले हॉस्टल से चला गया था छात्र
जानकारी के मुताबिक, छात्र बलरामपुर जिले के चलगली थाना क्षेत्र का रहने वाला है। वह बिरला ओपन माइंड्स स्कूल में कक्षा 9वीं में पढ़ाई कर रहा था और हॉस्टल में रहता था। दीपावली की छुट्टियां खत्म होने के बाद वह वापस हॉस्टल लौटा था। बताया जा रहा है कि 22 नवंबर को छात्र हॉस्टल छोड़कर चला गया था। इसके बाद स्कूल प्रबंधन उसे वापस लेकर आया और दोबारा हॉस्टल में रखा गया।

हॉस्टल व्यवस्था पर परिजनों ने उठाए सवाल
परिजनों का आरोप है कि छात्र को हॉस्टल में उसकी इच्छा के विरुद्ध रखा जा रहा था। परिवार का कहना है कि छात्र के हॉस्टल छोड़ने की जानकारी भी उन्हें समय पर नहीं दी गई। इतना ही नहीं, जब स्थानीय अभिभावक उसे लेने पहुंचे तो कथित तौर पर उन्हें छात्र नहीं सौंपा गया।

चार स्कूलकर्मियों के खिलाफ FIR
मामले में परिजनों की शिकायत के बाद गांधीनगर थाना पुलिस ने स्कूल के असिस्टेंट डायरेक्टर सूरज मित्तल, मार्केटिंग हेड उत्कर्ष, हॉस्टल वार्डन अवधेश शर्मा और एचआर कुणाल के खिलाफ जुवेनाइल जस्टिस (JJ) एक्ट की धारा 75 के तहत एफआईआर दर्ज की है। थाना प्रभारी शिशिर कांत सिंह के मुताबिक, पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। संबंधित लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
पहले भी विवादों में रहा है स्कूल
बिरला ओपन माइंड्स स्कूल इससे पहले भी विवादों में आ चुका है। पूर्व में एक शिक्षक द्वारा छात्र से कथित तौर पर 100 गालियां लिखवाने का मामला सामने आया था। शिकायत के बाद जिला शिक्षा अधिकारी दिनेश झा ने स्कूल पहुंचकर जांच की थी। इसके बाद प्रबंधन ने संबंधित शिक्षक को बर्खास्त कर दिया था।
ताजा मामले ने एक बार फिर स्कूल की हॉस्टल व्यवस्था, बच्चों की सुरक्षा और प्रबंधन की जवाबदेही को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस जांच के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर साफ हो सकेगी।
