Homeअन्य खबरेजिस एनिकट पर था खतरे का पानी, वहीं पहुंच गए दो युवक;...

जिस एनिकट पर था खतरे का पानी, वहीं पहुंच गए दो युवक; नदी की धार में बाइक समेत बहे…

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के मल्हार क्षेत्र में लीलागर नदी के बढ़े जलस्तर के बीच एनिकट पार करने की कोशिश दो युवकों के लिए जानलेवा साबित होते-होते बची। तेज बहाव के बावजूद बाइक से एनिकट पार कर रहे दोनों युवक अचानक पानी की चपेट में आ गए और बाइक समेत नदी में बहने लगे। मौके पर मौजूद ग्रामीणों की तत्परता से दोनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

घटना गुरुवार दोपहर की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, मल्हार क्षेत्र के दो युवक एक ही बाइक पर सवार होकर जांजगीर-चांपा की ओर जाने के लिए लीलागर नदी पर बने एनिकट को पार कर रहे थे। नदी में तेज बहाव होने के कारण एनिकट के ऊपर करीब दो फीट पानी बह रहा था। स्थानीय लोगों ने दोनों को खतरे से आगाह करते हुए वापस लौटने की सलाह दी, लेकिन उन्होंने इसे नजरअंदाज कर दिया।

एनिकट के बीच पहुंचते ही तेज बहाव में बाइक का संतुलन बिगड़ गया और दोनों युवक वाहन समेत पानी में गिरकर बहने लगे। कुछ ही पलों में वे नदी की धारा में दिखाई देना बंद हो गए। यह देखकर वहां मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने बिना समय गंवाए नदी में उतरकर दोनों युवकों को पकड़ लिया और सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

घटना की सूचना मिलने पर मल्हार पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने नदी और एनिकट की मौजूदा स्थिति का जायजा लेते हुए लोगों से बाढ़ के दौरान ऐसे रास्तों से आवागमन नहीं करने की अपील की। युवकों के शराब के नशे में होने की बात भी सामने आ रही है, हालांकि पुलिस की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

बारिश के मौसम में लीलागर नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण एनिकट पर पानी का तेज बहाव बना हुआ है। ऐसे में स्थानीय लोगों की चेतावनी को नजरअंदाज कर एनिकट पार करना कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकता है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Posts