
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में पुलिस विभाग से जुड़ा एक मामला सामने आया है। कोर्ट में पदस्थ महिला आरक्षक ने अपने ही साथी कांस्टेबल पर दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए गंज थाने में शिकायत दर्ज कराई है। महिला ने आरोप लगाया कि कांस्टेबल ने उसकी आपत्तिजनक फोटो और वीडियो भी रिकॉर्ड किए थे। शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी आरक्षक घनश्याम देवांगन को गिरफ्तार कर लिया है।

पति को भेजे गए आपत्तिजनक फोटो-वीडियो
पुलिस के मुताबिक, महिला आरक्षक ने शिकायत में बताया कि घटना के बाद सामाजिक बदनामी के डर से उसने तत्काल शिकायत नहीं की थी। इसी बीच आरोपी की पत्नी को दोनों के संबंधों की जानकारी हुई। आरोप है कि महिला ने कांस्टेबल के मोबाइल से पीड़िता के पति को दोनों के आपत्तिजनक फोटो और वीडियो भेज दिए। इसके बाद पीड़िता अपने पति के साथ गंज थाने पहुंची और पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई।

आरोपी की पत्नी फरार
शिकायत के आधार पर गंज पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी कांस्टेबल को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, आपत्तिजनक वीडियो और फोटो कथित तौर पर भेजने वाली आरोपी की पत्नी घटना के बाद से फरार बताई जा रही है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच के दौरान पुलिस आपत्तिजनक फोटो-वीडियो, मोबाइल और अन्य साक्ष्यों की भी पड़ताल कर रही है।
