
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर शहर के मंगला इलाके में सोमवार को एक बुजुर्ग का शव मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक की उम्र करीब 55 से 58 वर्ष बताई जा रही है। सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। फिलहाल बुजुर्ग की मौत की असली वजह स्पष्ट नहीं है।

सुबह ब्रश करते देखा, दोपहर में घर के अंदर मिला शव
जानकारी के मुताबिक, बुजुर्ग अपने परिवार के साथ मंगला में पिछले कई वर्षों से किराए के मकान में रह रहे थे। सोमवार सुबह परिवार के सदस्यों ने उन्हें ब्रश करते हुए देखा था। इसके बाद परिवार के लोग अपने-अपने काम पर चले गए। दोपहर करीब 12 बजे उनकी पत्नी ने उन्हें घर के अंदर गिरा हुआ पाया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

लकवे से थे पीड़ित, कई दवाइयों का करते थे सेवन
पुलिस के मुताबिक, मृतक लकवे की बीमारी से पीड़ित थे। उन्हें बीपी समेत अन्य स्वास्थ्य समस्याएं भी थीं और वे कई तरह की दवाइयों का सेवन करते थे। प्रारंभिक निरीक्षण में बीमारी के कारण ब्रेन हेमरेज या नस संबंधी समस्या से मौत होने की आशंका जताई गई है। हालांकि, इसे अभी मौत का प्रमाणित कारण नहीं माना जा सकता।
फॉरेंसिक जांच के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव
सिविल लाइन थाना प्रभारी रविशंकर तिवारी के अनुसार, सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मर्ग पंचनामा की कार्रवाई शुरू की। घटनास्थल की जांच फॉरेंसिक टीम की मदद से की जा रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया की है।
मृतक पहले चौकीदारी का काम करते थे, लेकिन पिछले कुछ समय से काम नहीं कर रहे थे। उनका मूल गांव रतनपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत बताया जा रहा है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही बुजुर्ग की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
