
कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में पुलिसकर्मियों पर जनप्रतिनिधि से पैसे मांगने के आरोप के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एसपी निखिल राखेचा ने हल्बा चौकी प्रभारी दीपा केंवट और एएसआई चेतन साहू को लाइन अटैच कर दिया है। दोनों पर प्रधानमंत्री आवास योजना के मकान निर्माण के लिए नदी से रेत निकालने के मामले में कथित तौर पर पैसे मांगने का आरोप लगा है।

रेत निकालने पर कार्रवाई का बनाया दबाव?
जानकारी के मुताबिक, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान निर्माण के लिए नदी से रेत निकाली जा रही थी। इसी मामले में हल्बा चौकी पुलिस की ओर से कार्रवाई की बात कही गई थी। आरोप है कि इस दौरान चौकी प्रभारी दीपा केंवट और एएसआई चेतन साहू ने जनपद सदस्य से पैसों की मांग की। जनप्रतिनिधि ने पुलिसकर्मियों के कथित व्यवहार और पैसों की मांग को लेकर वरिष्ठ अधिकारियों से शिकायत की थी।

शिकायत के 24 घंटे के भीतर SP का एक्शन
मामले की जानकारी मिलते ही एसपी निखिल राखेचा ने संज्ञान लिया और शिकायत मिलने के करीब 24 घंटे के भीतर दोनों पुलिसकर्मियों को लाइन अटैच करने का आदेश जारी कर दिया। इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में चर्चा तेज हो गई है।
जांच के बाद तय होगी आगे की कार्रवाई
फिलहाल दोनों पुलिसकर्मियों को फील्ड ड्यूटी से हटाकर लाइन अटैच किया गया है। मामले में लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विभागीय कार्रवाई की जाएगी। हालांकि, फिलहाल दोनों पुलिसकर्मियों पर लगे आरोपों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही होगी।
