Homeअपराधजंगल में मिली 20-25 साल के युवक की नग्न लाश, सीने पर...

जंगल में मिली 20-25 साल के युवक की नग्न लाश, सीने पर ‘KP’ टैटू से पहचान की कोशिश! पुलिस ने जारी किए नंबर…

बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में लाश मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया है। वनांचल क्षेत्र में जंगल के रास्ते पर करीब 20 से 25 साल के युवक का शव नग्न अवस्था में बरामद हुआ है। युवक के शरीर पर धारदार हथियार से हमले के निशान मिले हैं। शुरुआती जांच में चाकू से हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है।

मामला पेट्रोल विकासखंड अंतर्गत पुलिस चौकी बया क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, 31 अक्टूबर को ग्राम मुरुमडीह और रायतुंम के बीच जंगल के रास्ते पर ग्रामीणों ने युवक का शव देखा। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की, लेकिन अब तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी है।

सीने पर ‘KP’ का टैटू, हाथों पर लड़की की तस्वीर

पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती मृतक की पहचान करना है। युवक के सीने पर अंग्रेजी में ‘KP’ लिखा हुआ टैटू बना है। इसके अलावा एक हाथ पर लड़की की तस्वीर और दूसरे हाथ पर भी एक अन्य आकृति का टैटू बना हुआ है। पुलिस इन टैटू और शारीरिक हुलिए के आधार पर मृतक की शिनाख्त करने की कोशिश कर रही है।

हत्या की आशंका, पुलिस ने जारी किए नंबर

शरीर पर धारदार हथियार के निशान मिलने के बाद पुलिस हत्या समेत अन्य पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पुलिस चौकी बया और थाना राजादेवरी की टीम मामले की पड़ताल में जुटी है। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी युवक के लापता होने की जानकारी हो या मृतक के टैटू और हुलिए से उसकी पहचान होती हो, तो तत्काल पुलिस को सूचना दें।

इन नंबरों पर दें जानकारी:

– थाना प्रभारी राजादेवरी: 79993 47550

– चौकी प्रभारी बया: 79877 79644

– साइबर सेल बलौदाबाजार: 84355 64176

– दृष्टि हेल्पलाइन: 94792 20392

– पुलिस कंट्रोल रूम: 94791 90629

फिलहाल मृतक की पहचान और मौत के पीछे की वजह का खुलासा होना बाकी है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि युवक की पहचान कराने में सहयोग करें, ताकि मामले की जांच को आगे बढ़ाया जा सके।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Posts