
बिलासपुर। शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) में महज 0.093 अंक से पिछड़ने वाली अभ्यर्थी को छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट से राहत नहीं मिली है। कोर्ट ने 89.907 अंकों को राउंड ऑफ कर 90 अंक मानने की मांग को खारिज कर दिया है। अदालत ने स्पष्ट किया कि न्यूनतम अर्हता के अंकों में इस तरह की छूट देना परीक्षा की मेरिट व्यवस्था को प्रभावित कर सकता है।

90 अंकों की जगह मिले थे 89.907 अंक
यह मामला मुंगेली जिले के सेमरसाल निवासी गरिमा पांडे से जुड़ा है। उन्होंने वर्ष 2022 में आयोजित शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) में हिस्सा लिया था। परीक्षा में सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए 150 में से कम से कम 90 अंक हासिल करना अनिवार्य था। गरिमा पांडे को परीक्षा में 89.907 अंक मिले। यानी वह निर्धारित कटऑफ से सिर्फ 0.093 अंक पीछे रह गईं।

हाईकोर्ट में लगाई थी गुहार
न्यूनतम अंकों से मामूली अंतर रह जाने के बाद गरिमा पांडे ने हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया। उन्होंने याचिका में मांग की थी कि उनके 89.907 अंकों को राउंड ऑफ कर 90 अंक माना जाए, ताकि उन्हें TET की पात्रता का लाभ मिल सके।

मेरिट प्रभावित होने का दिया आधार
मामले पर सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने अंकों को राउंड ऑफ कर न्यूनतम अर्हता पूरी मानने की मांग स्वीकार नहीं की। कोर्ट ने माना कि निर्धारित न्यूनतम अंकों में इस तरह की छूट देने से परीक्षा की मेरिट व्यवस्था प्रभावित हो सकती है। इसी आधार पर अदालत ने याचिका खारिज कर दी। इस फैसले के बाद अभ्यर्थी को 89.907 अंकों के आधार पर ही माना जाएगा और उसे 90 अंकों की न्यूनतम पात्रता का लाभ नहीं मिलेगा।
