
कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में स्कूली विद्यार्थियों के नशा करने का वीडियो सामने आने के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है। सोशल मीडिया पर वायरल इस वीडियो में स्कूली बच्चे शराब, सिगरेट और गांजा का सेवन करते नजर आ रहे हैं। मामला सामने आने के बाद स्कूल प्रबंधन ने सख्त रुख अपनाते हुए 7 विद्यार्थियों को ट्रांसफर सर्टिफिकेट (TC) देने का नोटिस जारी कर दिया है।

पूरा मामला पाली ब्लॉक के शासकीय हाई सेकेंडरी स्कूल धतूरा का है। जानकारी के मुताबिक, वायरल वीडियो 14 नवंबर का बताया जा रहा है। वीडियो में कक्षा 9वीं की दो छात्राएं शराब और सिगरेट का सेवन करती दिखाई दे रही हैं। वहीं, पांच छात्र स्कूल से बाहर जाकर गांजा पीते नजर आ रहे हैं। वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद मामला चर्चा में आ गया।

परिजनों की बैठक के बाद लिया गया फैसला
वीडियो की जानकारी मिलते ही स्कूल प्रबंधन हरकत में आया। प्राचार्य बलभद्र सिंह ने स्कूल प्रबंधन समिति (SMC) और संबंधित विद्यार्थियों के अभिभावकों के साथ बैठक की। बैठक के बाद दो छात्राओं और पांच छात्रों सहित कुल सात विद्यार्थियों को TC जारी करने का नोटिस थमा दिया गया।
DEO को भी भेजी गई कार्रवाई की जानकारी
स्कूल प्रबंधन ने पूरे मामले की जानकारी जिला शिक्षा अधिकारी को भी पत्र के माध्यम से भेजी है। हालांकि, इस संबंध में जिला शिक्षा अधिकारी से फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन बात नहीं हो सकी। फिलहाल, स्कूली विद्यार्थियों से जुड़े इस मामले ने एक बार फिर स्कूलों में अनुशासन और बच्चों के बीच बढ़ती नशे की प्रवृत्ति को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
