
कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में एक युवक की मौत के मामले ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। कटघोरा थाना क्षेत्र के जेंजरा बाईपास के पास 36 वर्षीय शिवचरण साहू का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक ढेलवाडीह गांव का रहने वाला था। पुलिस को उसके पास से 19 पन्नों का एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें आर्थिक तंगी, कर्ज और नौकरी दिलाने के नाम पर 50 लाख रुपये की कथित ठगी का जिक्र किया गया है।

जानकारी के मुताबिक, स्थानीय लोगों ने जेंजरा बाईपास के पास एक बबूल के पेड़ पर युवक का शव देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही कटघोरा पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान मृतक की पहचान शिवचरण साहू के रूप में हुई।

कोविड में खोला था स्कूल, लॉकडाउन ने बिगाड़ी आर्थिक स्थिति
पुलिस को मिले सुसाइड नोट में युवक ने अपनी आर्थिक परेशानियों का जिक्र किया है। बताया गया है कि उसने कोरोना काल में एक स्कूल शुरू किया था, लेकिन लॉकडाउन के चलते स्कूल बंद करना पड़ा। इसके बाद उसकी आर्थिक स्थिति लगातार बिगड़ती चली गई और वह कर्ज के बोझ में दब गया।

नौकरी के नाम पर 50 लाख की ठगी का आरोप
सुसाइड नोट में एक व्यक्ति पर नौकरी दिलाने का झांसा देकर करीब 50 लाख रुपये लेने का आरोप भी लगाया गया है। बताया जा रहा है कि कोरोना काल में कथित बिचौलिए की मौत के बाद युवक की रकम वापस नहीं मिल सकी। इसके चलते वह आर्थिक संकट में फंसता चला गया। नोट में कर्ज देने वालों की ओर से कथित प्रताड़ना का भी जिक्र किया गया है।

19 पन्नों के नोट की जांच कर रही पुलिस
घटनास्थल से मिले सुसाइड नोट को पुलिस ने जांच में लिया है। नोट में लिखी बातों की सत्यता और हस्तलेखन की जांच की जा रही है। पुलिस परिजनों और युवक के परिचितों से भी जानकारी जुटा रही है। बताया जा रहा है कि सुसाइड नोट की मूल प्रति कोरबा एसपी को भेजी गई है।
कटघोरा थाना प्रभारी राजेश तिवारी के मुताबिक, मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। सुसाइड नोट में कर्ज से जुड़ी बातें सामने आई हैं। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
