
रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस में दिल्ली हाईकमान ने ऐसा संगठनात्मक फेरबदल किया है, जिसके बाद प्रदेश की सियासत में नई चर्चाएं शुरू हो गई हैं। पुराने चेहरों को हटाकर नई टीम को जिम्मेदारी सौंपने के इस फैसले को कांग्रेस के भीतर बदलते शक्ति संतुलन से जोड़कर देखा जा रहा है। खास बात यह है कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के करीबी माने जाने वाले नेताओं की राष्ट्रीय संगठन में जिम्मेदारियां भी कम हुई हैं। कांग्रेस की नई सूची में छत्तीसगढ़ का प्रभार संभाल रहे विजय जांगिड़, एसए संपत कुमार और जरिता लैतफलांग को हटा दिया गया है। इनकी जगह जितेंद्र बघेल और हरनाम सिंह को नया प्रभारी सचिव बनाया गया है। यानी अब प्रदेश संगठन की निगरानी के लिए हाईकमान ने नई टीम मैदान में उतारी है।

भूपेश के करीबियों को झटका, देवेंद्र यादव से भी छिना प्रभार
इस फेरबदल में सबसे ज्यादा चर्चा राजेश तिवारी और देवेंद्र यादव को लेकर हो रही है। भूपेश बघेल के करीबी माने जाने वाले राजेश तिवारी को राष्ट्रीय सचिव की जिम्मेदारी से मुक्त कर दिया गया है। वहीं, भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव से गुजरात के प्रभारी सचिव का दायित्व वापस ले लिया गया है। देवेंद्र यादव की जगह छत्तीसगढ़ के युवा नेता नरेश ठाकुर को गुजरात की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, पूर्व युवा कांग्रेस अध्यक्ष पूर्णचंद्र उर्फ कोको पाढ़ी को ओडिशा का प्रभारी सचिव बनाया गया है। इससे छत्तीसगढ़ के युवा नेताओं की राष्ट्रीय संगठन में भागीदारी बढ़ी है।

आखिर कांग्रेस हाईकमान ने क्यों बदली पूरी टीम?
लगातार चुनावी चुनौतियों और संगठनात्मक कमजोरियों के बीच कांग्रेस नेतृत्व अब प्रदेश में नई रणनीति पर काम करता नजर आ रहा है। नए प्रभारी सचिवों की नियुक्ति को गुटीय समीकरणों से दूरी बनाकर संगठन को मजबूत करने की कोशिश माना जा रहा है। राजनीतिक गलियारों में इस बदलाव को भूपेश बघेल, टीएस सिंहदेव और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के बीच संगठनात्मक संतुलन के नजरिए से भी देखा जा रहा है। हालांकि, हाईकमान ने फेरबदल के पीछे किसी गुट या नेता को लेकर कोई आधिकारिक वजह नहीं बताई है।

2028 के लिए कांग्रेस की नई बिसात?
कांग्रेस का यह बदलाव केवल पदों की अदला-बदली तक सीमित नहीं माना जा रहा। नए चेहरों को जिम्मेदारी देना और युवा नेताओं को राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ाना भविष्य की राजनीतिक तैयारी का हिस्सा हो सकता है।
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि नई टीम छत्तीसगढ़ कांग्रेस की गुटबाजी को कितना नियंत्रित कर पाएगी और संगठन को बूथ स्तर पर कितनी मजबूती दे पाएगी। आने वाले दिनों में यह भी साफ होगा कि इस फेरबदल से प्रदेश कांग्रेस में किसका सियासी कद बढ़ता है और किसके प्रभाव में कमी आती है।
