Homeअजब गजबकिताबों की जगह बच्चों के हाथों में सीमेंट-मसाला! स्कूल का वीडियो वायरल,...

किताबों की जगह बच्चों के हाथों में सीमेंट-मसाला! स्कूल का वीडियो वायरल, कलेक्टर सख्त; DEO बोले- दोषी मिले तो होगी कार्रवाई…

जांजगीर-चांपा। स्कूलों में बच्चों को शिक्षा देने और उनका भविष्य संवारने की जिम्मेदारी शिक्षकों की होती है, लेकिन अकलतरा विकासखंड के कोटमी सोनार गांव से सामने आए एक वीडियो ने शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यहां नवीन प्राथमिक शाला बाजारपारा में छोटे-छोटे बच्चों से स्कूल की मरम्मत का काम कराए जाने का मामला सामने आया है। इंटरनेट मीडिया पर वायरल वीडियो में बच्चे अपने हाथों से सीमेंट का मसाला तैयार करते और स्कूल की दीवारों में बने गड्ढों की भराई करते नजर आ रहे हैं।

वीडियो सामने आने के बाद ग्रामीणों और अभिभावकों में नाराजगी है। मामले की शिकायत शिक्षा विभाग तक पहुंची, जिसके बाद जिला शिक्षा अधिकारी ने जांच कर कार्रवाई का भरोसा दिया है। वहीं, कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने भी मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला शिक्षा अधिकारी को जांच कर रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए हैं।

बच्चों के हाथों में किताबों की जगह सीमेंट-मसाला

वायरल वीडियो में स्कूली बच्चे बिना किसी सुरक्षा उपकरण के मरम्मत कार्य में लगे दिखाई दे रहे हैं। आरोप है कि विद्यालय की प्रधान पाठिका रतना सोनी ने बच्चों से यह काम कराया। इस घटना के बाद सवाल उठ रहा है कि आखिर स्कूल में बच्चों से इस तरह का गैर-शैक्षणिक कार्य कैसे कराया गया? ग्रामीणों का कहना है कि स्कूल बच्चों के पढ़ने और सीखने की जगह है, न कि उनसे निर्माण या मरम्मत का काम कराने की।

20 साल से एक ही स्कूल में पदस्थ हैं प्रधान पाठिका

इस पूरे मामले में प्रधान पाठिका रतना सोनी की पदस्थापना को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। जानकारी के मुताबिक, वह करीब 20 वर्षों से अपने ही गृह ग्राम के इसी विद्यालय में पदस्थ हैं। ग्रामीणों ने इतने लंबे समय तक एक ही स्कूल में पदस्थ रहने के मामले की समीक्षा करने और विद्यालय की नियमित निगरानी व्यवस्था की जांच कराने की मांग की है।

प्रधान पाठिका ने दी सफाई, कहा- मैंने खुद किया था काम

मामले में प्रधान पाठिका रतना सोनी ने अपनी सफाई भी दी है। उनका कहना है कि विद्यालय के सामने आंगनबाड़ी भवन का निर्माण कार्य चल रहा है। वहां से सीमेंट का घोल लेकर वह स्वयं स्कूल की दीवारों के गड्ढों की भराई कर रही थीं। इसी दौरान किसी काम से कार्यालय जाने पर बच्चों ने सीमेंट पकड़ लिया और इसी बीच किसी ने वीडियो बना लिया। उन्होंने उपसरपंच और मौके पर काम कर रहे मजदूरों से इसकी पुष्टि करने की बात कही है।

कलेक्टर ने लिया संज्ञान, DEO को जांच के निर्देश

सोशल मीडिया पर वीडियो प्रसारित होने के बाद कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने मामले को गंभीरता से लिया है। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी को पूरे प्रकरण की जांच कर विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही आरोपों की पुष्टि होने पर संबंधित जिम्मेदार के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा है।

DEO बोले- बच्चों से इस तरह काम कराना प्रतिबंधित

जिला शिक्षा अधिकारी एमपी सिंह ने शिकायत मिलने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि कोटमी सोनार प्राथमिक शाला की प्रधान पाठिका द्वारा बच्चों से काम कराए जाने की शिकायत प्राप्त हुई है। विद्यालय में बच्चों से इस तरह का काम कराना प्रतिबंधित है। मामले की जांच कराई जाएगी और जांच में तथ्य सही पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि जांच में बच्चों से मरम्मत कार्य कराए जाने की पुष्टि होती है या नहीं। ग्रामीणों की नजर शिक्षा विभाग की कार्रवाई पर टिकी है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Posts