Homeअन्य खबरेखेतों में पानी, किसानों की आंखों में चिंता… 15 जनवरी तक कैसे...

खेतों में पानी, किसानों की आंखों में चिंता… 15 जनवरी तक कैसे बिकेगा धान? देखें वीडियो

बिलासपुर। धान खरीदी और किसान हितों को लेकर चल रही राजनीति के बीच बेलतरा विधानसभा क्षेत्र के किसानों की चिंता बढ़ गई है। ग्राम खैरा-डंगनिया सहित आसपास के गांवों में खेतों में पानी भरा होने से धान की फसल प्रभावित होने की आशंका है। किसानों के सामने अब सबसे बड़ा सवाल है कि जब खेतों से पानी निकलने और जमीन सूखने में एक महीने तक का समय लग सकता है, तो धान की कटाई-मिसाई कर 15 जनवरी तक उपज सोसायटी तक कैसे पहुंचाई जाएगी?

गांव के किसानों के मुताबिक बारिश के बाद खेतों में कहीं घुटनों तक तो कहीं कमर तक पानी भरा हुआ है। खेतों में खड़ी फसल को लेकर किसान चिंतित हैं। उनका कहना है कि पानी की निकासी के बाद जमीन सूखने में भी काफी समय लगेगा। ऐसे में कटाई और मिसाई की प्रक्रिया कब शुरू होगी, यह स्पष्ट नहीं है।

कटाई-मिसाई में देरी, फसल खराब होने का डर

किसानों की चिंता केवल धान बेचने की समय-सीमा तक सीमित नहीं है। खेतों में लंबे समय तक पानी भरे रहने से खड़ी फसल के खराब होने, सड़ने और उत्पादन प्रभावित होने का खतरा भी बना हुआ है। किसानों का कहना है कि सालभर की मेहनत से तैयार फसल यदि समय पर नहीं कट पाई, तो उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।

15 जनवरी की समय-सीमा बनी किसानों की चिंता

किसानों के अनुसार मौजूदा हालात में खेतों से पानी निकालने, जमीन सूखने, फसल कटाई और मिसाई के बाद धान को खरीदी केंद्र तक पहुंचाने में काफी समय लग सकता है। ऐसे में निर्धारित समय-सीमा के भीतर धान बेच पाना मुश्किल नजर आ रहा है।

किसानों ने शासन-प्रशासन से खेतों में भरे पानी की निकासी के लिए तत्काल व्यवस्था करने और फसल को खराब होने से बचाने की मांग की है। साथ ही उन्होंने किसानों की परिस्थितियों को देखते हुए समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की अंतिम तिथि बढ़ाने की मांग उठाई है।

अब सवाल यह है कि खेतों में पानी से जूझ रहे किसानों की परेशानी को देखते हुए प्रशासन क्या कदम उठाएगा और क्या अन्नदाताओं को धान बेचने के लिए अतिरिक्त समय मिल पाएगा?

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Posts