
बिलासपुर। भिलाई विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव के निर्वाचन पर अब हाईकोर्ट का फैसला आना बाकी है। वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में देवेंद्र यादव की जीत को चुनौती देने वाली पूर्व विधायक प्रेम प्रकाश पांडेय की चुनाव याचिका पर गुरुवार को छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में सुनवाई पूरी हो गई। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद जस्टिस राकेश मोहन पांडेय ने फैसला सुरक्षित रख लिया।

शपथपत्र में जानकारी छिपाने का लगाया गया आरोप
दरअसल, भिलाई के पूर्व विधायक प्रेम प्रकाश पांडेय ने वर्ष 2024 में हाईकोर्ट में चुनाव याचिका दाखिल की थी। इसमें आरोप लगाया गया है कि देवेंद्र यादव ने विधानसभा चुनाव 2023 के नामांकन के साथ जमा किए गए प्रपत्र-26 के शपथपत्र में कई महत्वपूर्ण जानकारियां छिपाईं या गलत दर्ज कीं। याचिका में संपर्क विवरण, सोशल मीडिया अकाउंट, स्वयं और पत्नी की आय, चल-अचल संपत्ति, परिवार के सदस्यों को दिए गए कर्ज और लंबित आपराधिक मामलों की जानकारी में कथित गड़बड़ी का आरोप लगाया गया है। इसके अलावा संपत्तियों का कम मूल्य दर्शाने और वारंट जारी होने तथा फरार घोषित किए जाने से जुड़ी जानकारी छिपाने का भी दावा किया गया है।

हाईकोर्ट ने तय किए थे पांच अहम मुद्दे
इस मामले में हाईकोर्ट ने 21 अगस्त 2024 को सुनवाई के लिए पांच प्रमुख मुद्दे तय किए थे। इनमें नामांकन पत्र स्वीकार किए जाने की वैधता, शपथपत्र में दी गई जानकारी की सत्यता, कथित भ्रष्ट आचरण, कानूनी प्रावधानों के पालन और याचिका में मांगी गई राहत जैसे बिंदु शामिल हैं। मुद्दा क्रमांक 2 और 4 पर पहले सुनवाई कराने की मांग को भी 30 जून 2026 को अदालत ने खारिज कर दिया था। अब दोनों पक्षों की अंतिम दलीलें सुनने के बाद हाईकोर्ट ने आदेश सुरक्षित कर लिया है।
फैसले पर टिकी निगाहें
सुनवाई पूरी होने के बाद अब सबकी निगाहें हाईकोर्ट के फैसले पर टिकी हैं। अदालत के अंतिम निर्णय से यह स्पष्ट होगा कि भिलाई विधानसभा सीट से देवेंद्र यादव का निर्वाचन वैध है या नहीं। फिलहाल उनका निर्वाचन रद्द करने अथवा याचिका खारिज करने को लेकर कोई अंतिम आदेश नहीं आया है।
