
रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले से एक दर्दनाक मामला सामने आया है। पूंजीपथरा थाना क्षेत्र में स्थित जिंदल यूनिवर्सिटी की बी-टेक सेकेंड ईयर की छात्रा ने हॉस्टल के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान प्रिंसी कुमारी (20 वर्ष) के रूप में हुई है, जो झारखंड के जमशेदपुर की रहने वाली थी।

शनिवार रात करीब साढ़े आठ बजे परिजन जब लगातार फोन करने के बावजूद प्रिंसी से संपर्क नहीं कर सके तो उन्होंने हॉस्टल वार्डन को इसकी जानकारी दी। इसके बाद वार्डन छात्रा के कमरे तक पहुंची, जहां दरवाजा अंदर से बंद मिला। खिड़की से झांकने पर छात्रा का शव फांसी के फंदे पर लटका दिखाई दिया। तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

मौके पर पहुंची पूंजीपथरा पुलिस ने दरवाजा खुलवाकर जांच शुरू की और शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा। कमरे से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें छात्रा ने अपने माता-पिता से माफी मांगते हुए खुद को उनकी उम्मीदों पर खरा न उतर पाने की बात लिखी है। नोट में उसने पढ़ाई में कमजोर होने और परिवार पर आर्थिक बोझ बनने का जिक्र किया है।

जानकारी के अनुसार, प्रिंसी सेमेस्टर फीस के नाम पर समय-समय पर अपने परिजनों से पैसे मांग रही थी। कुछ महीनों के भीतर उसने 50 हजार, 35 हजार और 15 हजार रुपये मंगवाए थे, जो परिजनों ने उसे दिए भी थे।
पूंजीपथरा थाना प्रभारी राकेश मिश्रा ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। सुसाइड नोट मिला है, लेकिन आत्महत्या के पीछे के कारणों को लेकर अभी स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं है। पुलिस परिजनों और यूनिवर्सिटी प्रशासन से भी जानकारी जुटा रही है। घटना के बाद से हॉस्टल और विश्वविद्यालय परिसर में शोक का माहौल है।
