
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के सरकंडा थाना क्षेत्र के खमतराई स्थित पीएम श्री स्कूल में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक उग्र (पागल) कुत्ता अचानक स्कूल परिसर में घुस आया। कुत्ते ने हमला कर पहली कक्षा के एक छात्र और एक दो शिक्षिकाएं को घायल कर दिया। हमले की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि एक शिक्षिका के पैर पर कुत्ते ने इतना बुरी तरह काटा कि मांस का बड़ा हिस्सा शरीर से अलग हो गया। घायल सभी लोगों को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद स्कूल प्रबंधन ने नगर निगम की लापरवाही पर सवाल उठाए हैं। पीएम श्री स्कूल के प्रधान पाठक ने जोन कमिश्नर को पत्र लिखकर पूरे मामले की जानकारी दी है और तत्काल कार्रवाई की मांग की है। घटना के बाद बच्चों, शिक्षकों और अभिभावकों में डर का माहौल बन गया।

जानकारी के मुताबिक, कुत्ता अचानक स्कूल के अंदर घुसा और लोगों पर झपट पड़ा। हमले में घायल छात्र और शिक्षिका को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां दोनों का इलाज जारी है। चिकित्सकों ने बताया कि फिलहाल दोनों की स्थिति खतरे से बाहर है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि खमतराई समेत आसपास के इलाकों में लंबे समय से आवारा और पागल कुत्तों का आतंक बना हुआ है। अब तक करीब 10 लोग कुत्तों के हमले का शिकार हो चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद नगर निगम की ओर से कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है।

घटना के बाद अभिभावकों और क्षेत्रवासियों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। लोगों का आरोप है कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद नगर निगम केवल आश्वासन देता रहा, जबकि जमीनी स्तर पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

गौरतलब है कि शासन की ओर से स्कूल परिसरों में कुत्तों की निगरानी की जिम्मेदारी शिक्षकों को दी गई थी, लेकिन हालात इतने बिगड़ चुके हैं कि अब शिक्षक स्वयं ही आवारा कुत्तों के हमले का शिकार हो रहे हैं। इस व्यवस्था को लेकर अब गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
स्थानीय लोगों ने नगर निगम और जिला प्रशासन से मांग की है कि आवारा कुत्तों पर तत्काल नियंत्रण किया जाए, स्कूल परिसरों की सुरक्षा सुनिश्चित हो और भविष्य में इस तरह की घटनाएं न हों, इसके लिए ठोस नीति के साथ सख्त कार्रवाई की जाए।
