
सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में एक सरकारी स्कूल की महिला शिक्षिका द्वारा छात्रों के बैग खेत में फेंकने का मामला सामने आया है। घटना के बाद छात्रों और पालकों में भारी नाराज़गी है।

जानकारी के अनुसार, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मजीरा में कक्षाओं की कमी के कारण 11वीं की कक्षा पास के प्राथमिक-माध्यमिक विद्यालय में संचालित होती है। शुक्रवार को 11वीं के छात्र अपनी कक्षा में बैग रखकर बाहर टहल रहे थे। इसी दौरान अंग्रेजी लेक्चरर कक्षा में पहुंचीं और क्लास खाली देखकर भड़क गईं।

आरोप है कि गुस्से में आकर उन्होंने एक–एक कर सभी छात्रों के बैग स्कूल परिसर से लगे खेत में फेंक दिए। जब छात्र वापस कक्षा में पहुंचे तो बैग गायब मिले। पूछताछ करने पर पास में पढ़ रहे छोटे बच्चों ने बताया कि मैडम ने ही बैग बाहर फेंके हैं।
छात्रों ने तुरंत प्राचार्य के पास पहुंचकर लिखित शिकायत दी। पहले शिक्षिका ने घटना से इंकार किया, लेकिन छोटे बच्चों से पूछताछ में मामला स्पष्ट हो गया।

पालकों ने जताया आक्रोश – डीईओ से करेंगे शिकायत
घटना से नाराज़ पालकों का कहना है कि खेत में बैग फेंके जाने से बच्चों को खेत में उतरना पड़ा। यदि कोई हादसा हो जाता, तो जिम्मेदारी किसकी होती?
एक छात्रा के पिता बबलू सिन्हा ने कहा— “बच्चों के साथ ऐसा व्यवहार शिक्षा का अपमान है। शिक्षक मनमानी कर रहे हैं, जिससे बच्चों का आत्मविश्वास टूट रहा है।”
प्राचार्य ने भी स्वीकार किया कि बैग फेंके जाने की जानकारी सामने आई है। ग्रामीणों और पालकों ने इस पूरे मामले की डीईओ से शिकायत करने की तैयारी शुरू कर दी है।
