
बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर-रामानुजगंज जिले से मानवता को शर्मसार करने वाला एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक विवाहित महिला के साथ तीन दिनों तक बार-बार दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। यह पूरी घटना जिले के कुसमी थाना क्षेत्र के ग्राम नीलकंठपुर की है।

शौच करने गई महिला को बनाया शिकार
जानकारी के अनुसार, 23 अक्टूबर की सुबह पीड़िता शौच के लिए घर से बाहर गई थी। इसी दौरान गांव का ही आरोपी विनय उरांव महिला के पास पहुंचा और उसे जबरन पकड़कर अपने घर ले गया। वहां आरोपी ने महिला को पूरी रात बंधक बनाकर उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया। आरोपी ने पीड़िता को धमकाया कि वह यह बात किसी को न बताए, वरना गंभीर अंजाम भुगतने होंगे।

तीन दिनों तक किया शारीरिक शोषण
पीड़िता के अनुसार, 24 अक्टूबर को आरोपी ने फिर से उसके साथ दरिंदगी की और 25 व 26 अक्टूबर को उसे जबरन जंगल के अंदर अर्रा डोंगरी इलाके में ले गया। वहां उसने फिर से दुष्कर्म किया। आरोपी महिला को लगातार धमकाता रहा और उसकी बेबसी का फायदा उठाता रहा। महिला भय के कारण कई दिनों तक चुप रही, लेकिन आखिरकार उसने साहस जुटाकर पुलिस से न्याय की गुहार लगाई।

महिला ने थाने में दर्ज कराई शिकायत
पीड़िता ने 5 नवम्बर को कुसमी थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई। उसने पुलिस को बताया कि आरोपी ने उसे घर और जंगल दोनों जगहों पर कई बार अपनी हवस का शिकार बनाया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की।
आरोपी गिरफ्तार, जुर्म कबूल किया
कुसमी पुलिस ने आरोपी विनय उरांव को तलाशने के लिए दबिश दी और कुछ ही घंटों में उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने उसके खिलाफ धारा 376 (दुष्कर्म), 506 (धमकी) और अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।
पुलिस ने दिलाई भरोसा
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच पूरी गंभीरता से की जा रही है और पीड़िता को हर संभव सुरक्षा और सहायता प्रदान की जाएगी। इस जघन्य अपराध ने क्षेत्र में आक्रोश पैदा कर दिया है। ग्रामीणों ने आरोपी को कड़ी सजा देने की मांग की है।
