Tuesday, February 10, 2026
Homeअपराधबैंक से लौट रहे युवक का अपहरण, लाठी-डंडों से पीटकर अधमरा छोड़ा,...

बैंक से लौट रहे युवक का अपहरण, लाठी-डंडों से पीटकर अधमरा छोड़ा, अस्पताल पहुंचते ही मौत, परिजनों का आरोप– समय पर पुलिस कार्रवाई होती तो बच जाती जान…

बिलासपुर/मुंगेली। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले से लगे सीमावर्ती क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। कार सवार बदमाशों ने बैंक से लौट रहे एक युवक का अपहरण कर लिया और बेरहमी से उसकी पिटाई की, जिससे उसकी मौत हो गई। यह सनसनीखेज घटना मुंगेली जिले के जरहागांव थाना क्षेत्र की है।

मृतक युवक बैंक में पैसे जमा करने गया था। लौटते समय पहले से घात लगाए बैठे बदमाशों ने उसे जबरन कार में बैठाकर अगवा कर लिया। परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी, लेकिन आरोप है कि समय रहते न तो एफआईआर दर्ज की गई और न ही आरोपियों की तलाश शुरू की गई। परिजनों का कहना है कि यदि पुलिस तत्काल सक्रिय होती, तो उनके बेटे की जान बच सकती थी।

बैंक से निकलते ही हुआ अपहरण

तखतपुर से लगे ग्राम बरेला निवासी राजकुमार धुरी (21 वर्ष) बिलासपुर के टिकरापारा क्षेत्र में ट्रैक्टर चलाकर रोजी-रोटी कमाता था। शुक्रवार, 26 दिसंबर की दोपहर करीब 3 बजे वह बरेला स्थित पंजाब नेशनल बैंक में पैसे जमा करने गया था। बैंक से बाहर निकलते ही आधा दर्जन युवकों ने उसे घेर लिया और जबरदस्ती कार में डालकर ले गए।

अधमरी हालत में घर के बाहर फेंका

शाम करीब 6 बजे हमलावर राजकुमार को उसके घर के बाहर अधमरी हालत में छोड़कर फरार हो गए। उसके शरीर पर लाठी-डंडों से किए गए कई वार के निशान थे। वह दर्द से कराह रहा था। परिजन उसे तत्काल तखतपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

परिजनों का आरोप– पुलिस ने लौटा दिया

परिजनों का आरोप है कि अपहरण की सूचना देने वे जरहागांव थाना पहुंचे थे, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की और उन्हें वापस भेज दिया। पिता का कहना है कि अगर उसी वक्त कार्रवाई शुरू होती, तो बदमाशों को पकड़ा जा सकता था और राजकुमार की जान बच सकती थी।

भाई ने देखा हमलावरों को

राजकुमार को घर के बाहर छोड़ने आए युवकों को मृतक के छोटे भाई ने देखा है। उसने पुलिस को बताया है कि वह आरोपियों को सामने आने पर पहचान लेगा। पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है।

पुरानी रंजिश और जमीन विवाद की आशंका

पुलिस जांच में पुरानी रंजिश और जमीन विवाद को हत्या का संभावित कारण बताया जा रहा है। परिजनों से पूछताछ के दौरान यह बात सामने आई है। पुलिस का कहना है कि अपहरण में शामिल युवकों की संख्या पांच से अधिक थी।

पुलिस का पक्ष

थाना प्रभारी ने बताया कि मारपीट की सूचना मिली थी और परिजन थाने आए थे, लेकिन बिना लिखित शिकायत दिए चले गए। फिलहाल मर्ग कायम कर जांच की जा रही है। बयान दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Posts