
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में एक गर्भवती महिला का उसकी मर्जी के बिना गर्भपात कराने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़िता ने अपने पति और निजी अस्पताल की महिला डॉक्टर पर साजिश के तहत बेहोशी का इंजेक्शन देकर गर्भपात कराने का गंभीर आरोप लगाया है। मामले में जिला न्यायालय ने आरोपी महिला डॉक्टर डॉ. उज्वला कराड़े की अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी है। कोर्ट से राहत नहीं मिलने के बाद अब डॉक्टर के हाईकोर्ट जाने की चर्चा है। मामला सिरगिट्टी थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर उसके पति सुयश अग्रवाल और जेपी हॉस्पिटल की संचालक डॉ. उज्वला कराड़े के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।

जांच के बहाने अस्पताल ले गया पति, फिर बेहोशी का इंजेक्शन देने का आरोप
पीड़िता के मुताबिक, वह करीब तीन महीने की गर्भवती थी। 13 नवंबर को उसका पति गर्भावस्था की जांच कराने के बहाने उसे बिलासपुर स्थित मल्टी स्पेशलिटी एंड वूमेन केयर क्लीनिक नर्सिंग होम (जेपी हॉस्पिटल) लेकर पहुंचा। महिला का आरोप है कि अस्पताल में उसे बातचीत में उलझाकर बेहोशी का इंजेक्शन दिया गया। इसके बाद बेहोशी की हालत में कुछ दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कराए गए और उसकी सहमति के बिना गर्भपात कर दिया गया। पीड़िता का कहना है कि जब उसे होश आया तो पति ने बच्चे की हार्टबीट कम होने की बात कहकर पूरे मामले को टालने की कोशिश की। महिला ने आरोप लगाया कि इस पूरी प्रक्रिया में उसके पति और डॉक्टर की मिलीभगत थी।

तलाक की आशंका को लेकर लगाया साजिश का आरोप
महिला ने अपनी शिकायत में दावा किया है कि उसका पति तलाक लेना चाहता था। उसे आशंका थी कि बच्चे के जन्म के बाद तलाक की प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है। इसी वजह से पति ने डॉक्टर के साथ मिलकर उसकी इच्छा के विरुद्ध गर्भपात कराने की साजिश रची। हालांकि, इन आरोपों की पुलिस जांच कर रही है।

गिरफ्तारी से बचने जिला कोर्ट पहुंची डॉक्टर, नहीं मिली राहत
एफआईआर दर्ज होने के बाद गिरफ्तारी की आशंका के चलते डॉ. उज्वला कराड़े ने जिला न्यायालय में अग्रिम जमानत के लिए आवेदन पेश किया था। अदालत ने मामले के तथ्यों पर विचार करने के बाद उनकी याचिका खारिज कर दी। अब जिला न्यायालय से राहत नहीं मिलने के बाद हाईकोर्ट में अग्रिम जमानत के लिए आवेदन किए जाने की संभावना जताई जा रही है।

पुलिस जुटा रही साक्ष्य, गिरफ्तारी पर भी नजर
मामले में सिविल लाइन सीएसपी परमेश्वर तिलकवार ने बताया कि पुलिस पूरे प्रकरण की गंभीरता से जांच कर रही है। शिकायत और अब तक सामने आए तथ्यों के आधार पर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर भी कार्रवाई की बात कही है।
