
कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में स्थित एक धान खरीदी केंद्र उस वक्त अफरा-तफरी का केंद्र बन गया, जब जंगल से भटककर एक दंतेल हाथी अचानक वहां पहुंच गया। हाथी धान खाने की नीयत से सीधे केंद्र परिसर में घुस आया, जिससे कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने साहस दिखाते हुए शोर-शराबा कर हाथी को भगाने का प्रयास किया।

गनीमत रही कि हाथी आक्रामक नहीं हुआ और किसी पर हमला नहीं किया। यदि हाथी उग्र हो जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कर्मचारी धान को बचाने के लिए हाथी को खदेड़ते नजर आ रहे हैं।

स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी कई बार हाथी जंगल से निकलकर धान खरीदी केंद्र तक पहुंच चुके हैं और धान को नुकसान पहुंचाते रहे हैं। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के गांवों में दहशत का माहौल बन गया और लोग रातभर सतर्क रहने को मजबूर हो गए।

मामले की सूचना तुरंत वन विभाग को दी गई, जिसके बाद विभाग की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद हाथी को सुरक्षित तरीके से जंगल की ओर खदेड़ा गया। फिलहाल स्थिति सामान्य बताई जा रही है, लेकिन क्षेत्र में हाथियों की लगातार आवाजाही से ग्रामीणों और धान केंद्र कर्मचारियों की चिंता बनी हुई है।
