
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के सीपत सर्किल में वन्यजीवों की दहशत एक बार फिर बढ़ गई है। ताज़ा जानकारी के अनुसार हाथी सीपत के करीब नारगोड़ा के गौठान क्षेत्र में देखा गया है। हाथी की मौजूदगी की सूचना मिलते ही पूरे गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने बताया कि हाथी रात के समय खेतों और घरों के आसपास घूम रहा है, जिससे उन्हें बाहर निकलने में भी डर लग रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले 10 दिनों से यह हाथी पोड़ी और ठरकपुर इलाके में भी लगातार घूम रहा है। इसके चलते फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। कई किसानों ने बताया कि उनकी धान की फसल को हाथी ने रौंद दिया, जिससे उन्हें आर्थिक हानि का सामना करना पड़ रहा है। हाथी के बार-बार गांव के पास तक आने से स्कूली बच्चों और महिलाओं में भी डर का माहौल है।
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम को मौके पर भेजा गया है। विभाग के अधिकारियों ने ग्रामीणों को रात के समय घरों से बाहर न निकलने, बिजली के तारों और टॉर्च का गलत इस्तेमाल न करने तथा हाथी से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सलाह दी है। वन अधिकारी लगातार हाथी की मूवमेंट पर नजर रखे हुए हैं और उसे आबादी से दूर जंगल की ओर खदेड़ने की तैयारी की जा रही है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और फसल नुकसान का मूल्यांकन कर मुआवजा दिलाने की मांग भी रखी है। फिलहाल क्षेत्र में डर का माहौल बना हुआ है और लोग हाथी की हर गतिविधि पर नजर रखे हुए हैं।
