जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के पत्थलगांव क्षेत्र में शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म करने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। गिरफ्तार आरोपी का नाम अमन लकड़ा है, जिसने करीब एक साल तक पीड़िता का शोषण किया।

जानकारी के अनुसार, 20 वर्षीय पीड़िता बीए की छात्रा है और फिलहाल कंप्यूटर कोर्स कर रही है। जून 2024 में वह अपनी रिश्तेदार की शादी में पत्थलगांव आई थी, जहां उसकी मुलाकात गांव के युवक अमन लकड़ा से हुई। आरोपी ने युवती से कहा कि वह उसे पसंद करता है और शादी करना चाहता है। इसी बहाने उसने छात्रा से जबरन संबंध बनाए और बाद में लगातार शादी का भरोसा देकर एक साल तक दुष्कर्म करता रहा।

हाल ही में जब पीड़िता ने शादी की बात की, तो आरोपी ने साफ इंकार कर दिया। पीड़िता ने थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 64(2) के तहत अपराध दर्ज किया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

इस मामले पर जशपुर एसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिलाओं और बच्चों से जुड़े अपराधों के मामलों में पुलिस बेहद गंभीर है। ऐसे अपराधियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
