
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी समेत कई जिलों में आज सुबह प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने एक बड़ी कार्रवाई अंजाम दी है। सुबह-सुबह की गई इस ताबड़तोड़ छापेमारी से कारोबारी जगत में हड़कंप मच गया है। जानकारी के मुताबिक, कृषि कारोबार से जुड़े बड़े व्यापारियों के ठिकानों पर ईडी ने दबिश दी है। रायपुर, दुर्ग, भिलाई और बिलासपुर में एक साथ कई जगहों पर यह कार्रवाई की जा रही है।

सूत्रों के अनुसार, केवल रायपुर में ही करीब 10 से अधिक ठिकानों पर जांच चल रही है। इनमें प्रमुख रूप से शंकर नगर क्षेत्र भी शामिल है, जहां जाने-माने कारोबारी विनय गर्ग के आवास और दफ्तर पर ईडी की टीम पहुंची। फर्टिलाइजर से जुड़ा इनका कारोबार है। वहीं लॉ विस्टा कॉलोनी में दो कारोबारियों के घर जांच चल रही है।

कृषि उपकरण और पेस्टिसाइड्स सप्लायर पवन पोद्दार और सतपाल छाबड़ा के घर अफसर दस्तावेज खंगाल रहे हैं। इसके अलावा दुर्ग-भिलाई में भी दबिश दी गई है। ईडी की कार्रवाई DMF घोटाले से जुड़ी है। टीम ने यहां घंटों तक तलाशी अभियान चलाते हुए महत्वपूर्ण दस्तावेजों और लेन-देन से जुड़े रिकॉर्ड की बारीकी से जांच शुरू की है।

हालांकि, ईडी ने इस छापेमारी को लेकर आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। लेकिन माना जा रहा है कि कृषि कारोबार से जुड़े पैसों की हेराफेरी और संदिग्ध वित्तीय लेन-देन की जांच के तहत यह कार्रवाई हो रही है। अचानक हुई इस छापेमारी से स्थानीय व्यापारी समुदाय में दहशत का माहौल है। लोग यह समझने की कोशिश कर रहे हैं कि इस जांच का दायरा कितना बड़ा है और किन-किन कारोबारियों तक इसकी आंच पहुंच सकती है।

भिलाई-3 में अन्न भूमि ग्रीन टेक प्राइवेट लिमिटेड के डायरेक्टर शिवकुमार मोदी घर पर कार्रवाई हो रही है। 6 से अधिक अधिकारी दस्तावेजों की जांच कर रहे हैं। इस दौरान बाहर CRPF की टीम भी मौजूद है। ये संस्था कृषि और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में काम करती है, जिसमें ड्रिप सिंचाई प्रणाली, कांटेदार तार, चेन लिंक और आरसीसी बाड़ के खंभे, सौर जल पंप और कृषि उपकरण शामिल है। वित्तीय अनियमितता की शिकायत पर अफसर जांच कर रहे हैं।

गौरतलब है कि पिछले कुछ महीनों में ईडी द्वारा छत्तीसगढ़ में कई हाई-प्रोफाइल छापेमारियां की गई हैं, जिनमें कोयला, शराब और खनन कारोबार से जुड़े बड़े नाम सामने आए थे। अब कृषि कारोबारियों पर ईडी की नज़र पड़ना इस बात का संकेत है कि एजेंसी राज्य में आर्थिक अपराध और अवैध वित्तीय गतिविधियों के हर पहलू की गहराई से जांच कर रही है।

फिलहाल, कार्रवाई जारी है और ईडी की टीम दस्तावेजों की जांच के साथ-साथ संदिग्ध लेन-देन की पड़ताल कर रही है। उम्मीद की जा रही है कि आने वाले समय में इस छापेमारी से जुड़े और बड़े खुलासे सामने आ सकते हैं।
