
दुर्ग। शेयर ट्रेडिंग के नाम पर लोगों से करोड़ों की ठगी करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। स्मृति नगर चौकी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 3 महिला 2 पुरुष समेत 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। शुरुआती जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपियों ने अब तक करीब डेढ़ करोड़ रुपये की ठगी की है।

पुलिस के मुताबिक आरोपी लंबे समय से लोगों को शेयर बाजार में मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा दे रहे थे। इसके लिए उन्होंने भिलाई के अलग-अलग स्थानों में दफ्तर भी खोल रखे थे। आधुनिक साज-सज्जा और प्रोफेशनल तरीके से दफ्तर संचालित कर आरोपियों ने लोगों का विश्वास जीता और उन्हें निवेश के लिए तैयार किया। धीरे-धीरे लोगों से मोटी रकम इकट्ठा कर आरोपी पैसे लेकर फरार हो गए।

जब निवेशकों को मुनाफे की बजाय नुकसान होने लगा और रकम वापस नहीं मिली तो उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायतों के आधार पर स्मृति नगर चौकी पुलिस ने जांच शुरू की और गिरोह की गतिविधियों पर निगरानी रखी। सबूत मिलने पर पुलिस ने छापेमारी कर पांचों आरोपियों को दबोच लिया।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ जारी है और संभावना है कि ठगी की रकम और भी अधिक हो सकती है। साथ ही, इस धोखाधड़ी में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी तरह के निवेश या शेयर ट्रेडिंग जैसी योजनाओं में पैसे लगाने से पहले अच्छी तरह जांच-पड़ताल करें और केवल मान्यता प्राप्त व अधिकृत संस्थानों के माध्यम से ही निवेश करें।
इस पूरे मामले ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि लालच और झांसे में आकर निवेश करना भारी नुकसान का कारण बन सकता है।
