Wednesday, February 11, 2026
Homeअपराधगोलीकांड का बड़ा खुलासा: 5 माह बाद दो कुख्यात आरोपी गिरफ्तार,...

गोलीकांड का बड़ा खुलासा: 5 माह बाद दो कुख्यात आरोपी गिरफ्तार, MP से जुड़ा निकला कनेक्शन…

धमतरी। छत्तीसगढ़ की धमतरी पुलिस को पाँच महीने पुराने सनसनीखेज गोलीकांड और लूट के प्रयास मामले में बड़ी सफलता मिली है। बरड़िया ज्वेलर्स में हुई वारदात के दो मुख्य आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपी मध्यप्रदेश के भिंड जिले के रहने वाले हैं और पेशे से ट्रक चालक हैं। पुलिस ने उनके कब्जे से एयर पिस्टल और छर्रा भी बरामद किया है। पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार ने प्रेस वार्ता कर पूरे मामले का विस्तार से खुलासा किया।

घटना ऐसे हुई थी अंजाम

13 मई 2025 की रात लगभग 8:30 बजे रायपुर रोड स्थित बरड़िया ज्वेलर्स में दो नकाबपोश व्यक्ति दुकान के भीतर घुसे। अंदर जाते ही उन्होंने दुकान का शटर बंद किया और संचालक भंवरलाल बरड़िया को पिस्टल दिखाकर धमकाते हुए लूट की कोशिश की। इस दौरान दुकान संचालक की बेटी आवाज सुनकर अंदर पहुंच गई, तभी आरोपियों ने उस पर फायरिंग कर दी जिससे वह घायल हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी शटर खोलकर मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद सिटी कोतवाली थाना में अपराध क्रमांक 123/25 के तहत BNS एवं Arms Act की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया।

पुलिस की सबसे बड़ी चुनौती: आरोपी थे पूरी तरह अंजान

वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी न तो इलाके के थे और न ही पुलिस के किसी पुराने रिकॉर्ड में शामिल थे। शुरुआती जाँच में पुलिस को किसी ठोस सुराग की प्राप्ति नहीं हुई। ऐसे में मामला पुलिस के लिए चुनौती बन गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी सूरज परिहार मौके पर पहुंचे और तत्काल विशेष टीमें गठित की गईं। सायबर सेल और कोतवाली पुलिस ने संयुक्त रूप से कई स्तरों पर काम शुरू किया।

तकनीक और जमीनी काम – दोनों का इस्तेमाल

जाँच में सबसे बड़ी भूमिका CCTV फुटेज की रही। पुलिस टीमों ने धमतरी, आसपास के इलाके और सरहदी जिलों के मुख्य मार्गों पर लगे सैकड़ों फुटेज खंगाले। साथ ही, संदेहियों की फोटो क्लिप विभिन्न जिलों में प्रसारित कर मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।

पुलिस को पता चला कि आरोपी घटना के बाद लगातार स्थान और मोबाइल नंबर बदलते रहे ताकि लोकेशन ट्रेस न हो सके। वे सोशल मीडिया और खबरों के माध्यम से भी पुलिस की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए थे।

देश के तीन राज्यों में चली तलाश, फिर ऐसे फंसा पहला आरोपी

पुलिस ने तकनीकी इनपुट के आधार पर तीन राज्यों – महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश में टीमें भेजीं। इसी क्रम में मुखबिर से सूचना मिली कि पहला आरोपी गोवा से भिंड जाने के प्रयास में है। पुलिस ने उसे नागपुर (महाराष्ट्र) से गिरफ्तार कर लिया। उसने पूछताछ में अपना नाम कुंअर सिंह भदोरिया (31) बताया और वारदात में शामिल होने की स्वीकारोक्ति की।

फिर पकड़ा गया दूसरा साथी

दूसरी टीम ने रायगढ़ में छापेमारी करते हुए दूसरे आरोपी अमरपाल सिंह (30) को पकड़ा। उसने भी अपराध में शामिल होने और तीनों के भिंड निवासी होने की पुष्टि की।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे ट्रक से फ्लाई ऐश लेकर धमतरी के रास्ते आते-जाते रहते थे। इस दौरान उन्होंने बरड़िया ज्वेलर्स पर नजर रखी और पूर्व-योजना बनाकर वारदात कर दी।

पुलिस ने किया वादा पूरा

लगातार ठिकाने और नंबर बदलते रहने के बावजूद पुलिस ने हार नहीं मानी। तकनीकी विश्लेषण, मानव स्रोतों, लगातार ट्रैकिंग और जिलों के बीच समन्वय की बदौलत आखिरकार पुलिस ने दो आरोपियों को दबोच लिया। तीसरे आरोपी की तलाश जारी है।

गिरफ्तार आरोपी

  1. कुंअर सिंह भदोरिया, पिता रामकुमार – उम्र 31 वर्ष – निवासी इंगुरी, जिला भिंड (म.प्र.)
  2. अमरपाल सिंह, पिता धर्मेंद्र सिंह – उम्र 30 वर्ष – निवासी मसूरी लहर, भिंड (म.प्र.)

बरामद सामान

  • 1 एयर पिस्टल
  • छर्रा

ज्वेलर्स संचालक ने जताया आभार

घटना के मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद दुकान संचालक भंवरलाल बरड़िया ने धमतरी पुलिस और एसपी सूरज परिहार का धन्यवाद करते हुए कहा कि जिस दृढ़ता और तकनीकी कौशल से पुलिस ने काम किया है, वह सराहनीय एवं विश्वास बढ़ाने वाला है।

धमतरी पुलिस की यह कार्रवाई न केवल शहर के व्यापारियों के लिए राहत है, बल्कि संगठित अपराध पर प्रहार का एक प्रभावी उदाहरण भी मानी जा रही है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Posts