बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में मस्तूरी गोलीकांड का सनसनीखेज मामला लगातार नए खुलासे के साथ सामने आ रहा है। मंगलवार देर शाम जनपद उपाध्यक्ष और कांग्रेस नेता नितेश सिंह ठाकुर के निजी कार्यालय के बाहर हुई गोलीबारी की वारदात ने पूरे इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। अब इस मामले में पुलिस को अहम सुराग मिले हैं — CCTV फुटेज सामने आया है, जिसमें चार नकाबपोश हमलावर दो बाइकों में सवार होकर वारदात को अंजाम देते साफ नजर आ रहे हैं।
CCTV फुटेज से मिली बड़ी जानकारी
फुटेज में साफ दिख रहा है कि चारों हमलावर जोंधरा चौक की दिशा से दो अलग-अलग बाइकों में सवार होकर नितेश सिंह ठाकुर के ऑफिस की ओर आते हैं। ऑफिस के बाहर पहुंचते ही उन्होंने बिना किसी झिझक के अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी और फिर मौके से फरार हो गए। सभी हमलावरों ने अपने चेहरे नकाब से ढंके हुए थे ताकि पहचान न हो सके। पुलिस ने फुटेज को जब्त कर तकनीकी जांच शुरू कर दी है और हमलावरों की पहचान के लिए साइबर सेल की मदद ली जा रही है।

घटना में दो लोग गंभीर रूप से घायल
इस गोलीबारी में भाजपा नेता के ससुर चंद्रकांत सिंह और उनके सहयोगी रवि सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को तत्काल अपोलो अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। सूत्रों के अनुसार, डॉक्टरों ने बताया है कि दोनों की हालत अब स्थिर है, लेकिन अभी भी खतरे से बाहर नहीं हैं।

पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई और पूछताछ जारी
वारदात की जानकारी मिलते ही एसएसपी रजनेश सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। मस्तूरी थाना प्रभारी हरीश टांडेकर ने टीम के साथ इलाके में नाकेबंदी कर दी। पुलिस ने आसपास के सभी CCTV कैमरों की फुटेज जब्त कर ली है और संदिग्धों की तलाश तेज कर दी है। खबर है कि पुलिस ने अब तक कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जिनमें कुछ स्थानीय लोग भी शामिल हैं।

राजनीतिक और निजी रंजिश के एंगल पर भी जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने सभी संभावित एंगल पर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश, राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता और जमीन विवाद को लेकर शक जताया जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक, हमले से कुछ दिन पहले भी नितेश सिंह को धमकी भरे फोन आए थे, जिसे लेकर उन्होंने पुलिस को मौखिक जानकारी दी थी।
इलाके में तनाव, सुरक्षा के कड़े इंतजाम
घटना के बाद से मस्तूरी क्षेत्र में तनाव का माहौल है। पुलिस ने पूरे इलाके में अतिरिक्त बल तैनात कर दिया है और संवेदनशील इलाकों में गश्त बढ़ा दी गई है। स्थानीय लोग इस घटना से स्तब्ध हैं और प्रशासन से हमलावरों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।
फिलहाल, बिलासपुर पुलिस हर पहलू से जांच में जुटी हुई है और दावा किया जा रहा है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। यह मामला न सिर्फ मस्तूरी बल्कि पूरे बिलासपुर जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है।
