
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी जिले के मस्तुरी में हुई फायरिंग की गुत्थी बिलासपुर पुलिस ने सुलझा ली है। पुलिस ने इस वारदात के मास्टरमाइंड समेत 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें दो नाबालिग भी शामिल हैं। खुलासे में चौंकाने वाला तथ्य सामने आया है, फायरिंग की साजिश रचने वाला और पूरी वारदात का संचालन करने वाला व्यक्ति कोई और नहीं बल्कि कांग्रेस का निष्कासित युवा नेता विश्वजीत अनंत है।

एसएसपी रजनेश सिंह के नेतृत्व में गठित संयुक्त टीम ने आरोपी विश्वजीत और उसके साथियों को पकड़ने में सफलता हासिल की। पुलिस ने उनके कब्जे से दो देशी पिस्टल, एक कट्टा, चार जिंदा कारतूस, पांच मोबाइल फोन और 13 खाली खोखे बरामद किए हैं।

पुरानी रंजिश बनी खून-खराबे की वजह
जानकारी के मुताबिक, मस्तुरी के कांग्रेस नेता नितेश सिंह ठाकुर और मुख्य आरोपी विश्वजीत अनंत के बीच लंबे समय से जमीन और राजनीतिक वर्चस्व को लेकर विवाद चल रहा था। दोनों पक्ष पहले भी एक-दूसरे के खिलाफ मस्तुरी और सिविल लाइन थाने में मामले दर्ज करा चुके हैं।
इसी रंजिश के चलते विश्वजीत ने अपने भाइयों और साथियों के साथ मिलकर नितेश सिंह की हत्या की साजिश रची। पुलिस के मुताबिक, 25 अक्टूबर को पहली बार वारदात की योजना बनाई गई थी, जो किसी कारणवश टल गई। इसके बाद 28 अक्टूबर की शाम करीब 6 बजे नकाबपोश हमलावर दो बाइकों में सवार होकर पहुंचे और नितेश सिंह के ऑफिस के बाहर फायरिंग कर दी। इस हमले में राजू सिंह और चंद्रभान सिंह को गोली लगी, जिन्हें गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया।

फायरिंग के पीछे पैसों का लेनदेन भी
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी विश्वजीत अनंत को तारकेश्वर पाटले नामक व्यक्ति ने 1 लाख रुपये नगद दिए थे, जिसे उसने अन्य आरोपियों में बांटा। पुलिस इस आर्थिक लेनदेन और इसके पीछे के मकसद की भी तस्दीक कर रही है।

100 से ज्यादा CCTV खंगाले, साइबर सेल की बड़ी भूमिका
इस पूरे खुलासे में सायबर सेल और मस्तुरी थाना पुलिस की टीम ने 100 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज की बारीकी से जांच की। सुरागों को जोड़ते हुए पुलिस आखिरकार आरोपियों तक पहुंची।

पुलिस का बयान
एसएसपी रजनेश सिंह ने बताया कि, “आपसी रंजिश और वर्चस्व की लड़ाई में हथियारों का उपयोग कर घटना को अंजाम दिया गया। पुलिस की संयुक्त टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आगे की जांच में और भी नाम सामने आ सकते हैं।”
गिरफ्तार आरोपी
1 विश्वजीत अनंत (29 वर्ष)
2 अरमान उर्फ बलमजीत अनंत (29 वर्ष)
3 चाहत उर्फ विक्रमजीत अनंत (19 वर्ष)
4 मोहम्मद मुस्तकीम उर्फ नफीस (29 वर्ष)
5 मोहम्मद मतीन उर्फ मोंटू (22 वर्ष)
6 दो विधि से संघर्षरत किशोर
