
रायपुर। छत्तीसगढ़ के रायपुर के जूक क्लब में रविवार देर रात महादेव सट्टा ऐप के संचालक सौरभ चंद्राकर के भांजे और उसके दोस्तों ने मिलकर एक युवक की बेरहमी से पिटाई कर दी। इस पूरे घटनाक्रम का लाइव वीडियो भी सामने आया है, जिसमें पीड़ित युवक पर लगातार लात-घूंसे और कुर्सी से वार किया जा रहा है। मारपीट में युवक लहूलुहान हो गया और मौके पर मौजूद लोग उसे बचाने की कोशिश करते नजर आए। पूरा मामला तेलीबाधा थाना इलाके का है।
जानकारी के मुताबिक, पीड़ित युवक की पहचान अज्जू पांडे के रूप में हुई है। उसने पुलिस को बताया कि, रविवार रात करीब 11 बजे वह अपने दोस्तों के साथ जूक क्लब गया था। इसी दौरान भिलाई निवासी प्रखर, पुलकित और प्रेम अपने अन्य साथियों के साथ क्लब पहुंचे। अज्जू का इन आरोपियों से पहले से विवाद चला आ रहा था। क्लब में शुरू हुई सामान्य बातचीत देखते ही देखते विवाद में बदल गई और आरोपियों ने उस पर हमला कर दिया।

मारपीट के दौरान आरोपियों ने अज्जू को न सिर्फ लात-घूंसे मारे, बल्कि कुर्सी से भी वार किया। कुछ लोगों का कहना है कि पिस्टल के बट से भी हमला किया गया, हालांकि पुलिस ने इस बात की अभी पुष्टि नहीं की है। इस हमले में अज्जू को नाक, चेहरे और कमर पर गंभीर चोटें आईं। वीडियो में यह भी देखा गया कि वारदात के तुरंत बाद आरोपी नाचते-गाते क्लब में मस्ती कर रहे थे।

क्लब के सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि मैनेजर और कर्मचारी आरोपियों से पीड़ित को बचाने की कोशिश कर रहे हैं। लेकिन बदमाशों के हौसले इतने बुलंद थे कि उन्होंने किसी की परवाह नहीं की।

पीड़ित अज्जू ने अपनी शिकायत में बताया है कि मारपीट करने वाले आरोपी सट्टा किंग सौरभ चंद्राकर के रिश्तेदार हैं। यही वजह है कि वे अपने रसूख और दबंगई का फायदा उठाते हैं। घटना के बाद पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं, क्लब संचालकों से सीसीटीवी फुटेज जब्त करने की कार्रवाई भी की जा रही है।

एएसपी लखन पटले ने कहा कि घटना गंभीर है और पीड़ित की शिकायत पर आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्लब में हथियार लाने की अनुमति कैसे मिली और इसके पीछे सुरक्षा व्यवस्था में किसकी लापरवाही रही।
इस घटना ने एक बार फिर से यह सवाल खड़ा कर दिया है कि रायपुर जैसे शहरों में क्लब और बारों में किस तरह का माहौल बनता जा रहा है। जहां नशे और रुतबे के बल पर कुछ लोग खुलेआम हिंसा करने से भी नहीं चूकते और कानून व्यवस्था को चुनौती देते नजर आते हैं। पुलिस अब आरोपियों की गिरफ्तारी और मामले की गहन जांच में जुट गई है।
