
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा पेश किए गए वर्ष 2026-27 के तीसरे बजट को लेकर प्रदेशभर में सकारात्मक प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। बिलासपुर में भाजपा और भाजयुमो से जुड़े नेता बजट से काफी संतुष्ट और उत्साहित नजर आए। नेताओं ने इसे संकल्प से सिद्धि तक ले जाने वाला बजट बताया है।

भाजपा नेताओं ने बताया ऐतिहासिक बजट
पूर्व एल्डरमैन मनीष अग्रवाल ने कहा कि “₹1.72 लाख करोड़ का यह बजट छत्तीसगढ़ को विकास की नई दिशा देने वाला है। यह बजट मोदी की गारंटी और विकसित भारत 2047 के संकल्प को जमीन पर उतारने का मजबूत प्रयास है।”

भाजयुमो प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रौशन सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में वित्त मंत्री द्वारा प्रस्तुत यह बजट युवा, किसान, गरीब, सर्वहारा समाज और मध्यम वर्ग को केंद्र में रखकर तैयार किया गया है। यह बजट छत्तीसगढ़ को विकासशील राज्य से विकसित राज्य की ओर ले जाने की मजबूत नींव है। उन्होंने कहा कि बजट की थीम “संकल्प” केवल शब्द नहीं, बल्कि समावेशी विकास, सुशासन और आत्मनिर्भरता की स्पष्ट दिशा तय करती है। इससे प्रदेश के करोड़ों नागरिकों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से लाभ मिलेगा।
युवाओं, किसानों और मातृशक्ति पर विशेष फोकस
भाजयुमो अल्पसंख्यक ग्रामीण अध्यक्ष मुशर्रफ खान ने बजट की सराहना करते हुए कहा कि यह बजट युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने वाला है। उन्होंने बताया कि उड़ान, शिखर और मंजिल जैसी योजनाओं के माध्यम से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को आर्थिक सहायता मिलेगी।
महिलाओं के सशक्तिकरण को लेकर भी बजट में अहम फैसले लिए गए हैं।
- महिलाओं के नाम पर जमीन या मकान खरीदने पर 50% पंजीयन शुल्क में छूट
- नानी दुर्गावती योजना के तहत 18 वर्ष पूर्ण करने वाली बेटियों को ₹1.50 लाख की सहायता
शिक्षा, कृषि और बुनियादी ढांचे को मिली मजबूती
बजट में प्रमुख विभागों के लिए बड़े प्रावधान किए गए हैं –
- स्कूल शिक्षा : ₹22,360 करोड़
- पंचायत एवं ग्रामीण विकास : ₹16,560 करोड़
- कृषि विकास : ₹13,000 करोड़
- खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति : ₹12,820 करोड़
- लोक निर्माण विभाग : ₹9,450 करोड़
इसके साथ ही जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री सड़क योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना और फसल बीमा योजना के लिए भी पर्याप्त बजट रखा गया है।
नई योजनाएं, नया भरोसा
बजट में कई नई योजनाओं की शुरुआत की गई है –
- विकसित भारत की राम जी योजना के लिए ₹4,000 करोड़
- मुख्यमंत्री आदर्श शहर समृद्धि योजना के तहत ₹200 करोड़
- मुख्यमंत्री दूरगामी सड़क संपर्क योजना
- स्वामी विवेकानंद उत्कृष्ट शाला योजना
- कर्मचारियों के लिए कैशलेस चिकित्सा सुविधा
इसके अलावा बस्तर और सरगुजा क्षेत्र में पर्यटन, हवाई संपर्क, और दुर्ग, रायपुर व बिलासपुर में CGIT खोलने की भी घोषणा की गई है।
