
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नगपुरा में आयोजित तीन दिवसीय बेलतरा महोत्सव के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब युवकों के दो गुटों के बीच अचानक विवाद हो गया। मामूली कहासुनी से शुरू हुआ यह विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में तब्दील हो गया। सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान हुई इस मारपीट में युवक एक-दूसरे पर लात-घूंसे बरसाते नजर आए, वहीं कुछ युवकों ने बेल्ट से भी हमला किया।

घटना के दौरान कार्यक्रम स्थल पर मौजूद लोगों में दहशत का माहौल बन गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मारपीट इतनी उग्र थी कि कुछ देर के लिए कार्यक्रम बाधित हो गया और लोग इधर-उधर भागने लगे। इस पूरी घटना का किसी ने मोबाइल से वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

वायरल वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि किस तरह दोनों गुटों के युवक खुलेआम एक-दूसरे से भिड़ रहे हैं और आसपास मौजूद लोग उन्हें रोकने की कोशिश करते नजर आ रहे हैं। हालांकि, अभी तक इस मारपीट की किसी भी पक्ष द्वारा थाने में कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।
इस मामले को लेकर रतनपुर पुलिस का कहना है कि फिलहाल उन्हें न तो मारपीट की किसी शिकायत की जानकारी है और न ही वायरल वीडियो की आधिकारिक सूचना मिली है। पुलिस का यह भी कहना है कि यदि वीडियो के आधार पर या किसी शिकायत के माध्यम से मामला संज्ञान में आता है, तो जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

इस संबंध में रतनपुर थाना प्रभारी निलेश पांडे ने बताया कि मारपीट करने वाले सभी युवक नाबालिग हैं। उन्हें थाने बुलाकर समझाइश दी गई है और मामले की आगे की विवेचना की जा रही है। थाना प्रभारी के अनुसार, स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और भविष्य में ऐसे आयोजनों के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
गौरतलब है कि बेलतरा महोत्सव जैसे सांस्कृतिक आयोजनों का उद्देश्य मनोरंजन और सामाजिक सौहार्द बढ़ाना होता है, लेकिन इस तरह की घटनाएं सुरक्षा व्यवस्था और आयोजन प्रबंधन पर सवाल खड़े कर रही हैं। अब देखना होगा कि वायरल वीडियो के सामने आने के बाद पुलिस स्वतः संज्ञान लेकर क्या कदम उठाती है।
